आगरालीक्स…देखें वीडियो, आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर बवाल. आरपीएफ जवानों पर डिप्टी स्टेशन अधीक्षक के साथ मारपीट का आरोप. स्टेशन से घसीटते हुए ले गए…चार आरपीएफ कर्मी सस्पेंड, जांच को गठित हुई टीम…
आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर रविवार को बवाल हो गया. डिप्टी स्टेशन अधीक्षक और आरपीएफ कर्मियों के बीच विवाद में आरोप है कि आरपीएफ जवानों ने स्टेशन पर तैनात डिप्टी स्टेशन अधीक्षक के साथ मारपीट की और प्लेटफार्म से घसीटते हुए उन्हें ले गए. इससे यात्रियों में अफरातफरी मच गई और प्लेटफार्म पर हंगामा मच गया. इस मामले में चार आरपीएफ कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है और घटना की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की गई है.
घटना रविवार को उस समय हुई जब हीराकुंड एक्सप्रेस यहां पहुंची. इस दौरान आरपीएफ और डिप्टी स्टेशन अधीक्षक नरेंद्र सिंह चाहर के बीच विवाद हो गया. जीआरपी के अनुसार लुधियाना से ट्रेन में यात्रा कर रही एक महिला यात्री रंजीता राव पेठा खरीदने के लिए स्टेशन पर उतर गई. प्लेटफार्म पर पेठा लेने के दौरान खुले पैसे मिलने में देरी होने पर ट्रेन चलने लगी. बताया जाता है कि इस पर महिला ने डिप्टी स्टेशन अधीक्षक से ट्रेन को रोकने के लिए कहा. इस पर डिप्टी स्टेशन अधीक्षक ने गार्ड को सूचना देकर ट्रेन को रुकवा दिया ताकि महिला यात्री सुरक्षित ट्रेन में सवार हो सके.
चेन पुलिंग का मामला समझने पर बढ़ा विवाद
इस दौरान मौके पर पहुंचे आरपीएफ कर्मियों ने ट्रेन रुकने को चेन पुलिंग का मामला समझ लिया. आरोप है कि डिप्टी स्टेशन अधीक्षक द्वारा स्थिति स्पष्ट करने के बाद भी विवाद बढ़ गया. आरोप है कि आरपीएफ कर्मियों ने डिप्टी स्टेशन अधीक्षक के साथ मारपीट की और उन्हें घसीटते हुए थाने ले गए. इससे प्लेटफार्म पर अफरातफरी मच गई. हंगामे के कारण स्टेशन पर कुछ देर के लिए हीराकुंड एक्सप्रेस ख्चाड़ी रही. सूचना पर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे.
चार आरपीएफ कर्मी निलंबित, जांच टीम गठित
रेलवे प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लिया है. रेलवे की ओर से कहा गया है कि रविार को आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 20808 हीराकुंड एक्सप्रेस के ठहराव व डिप्टी SS ऑपरेटिंग और रेल सुरक्षा बल के बीच उत्पन्न विवाद से संबंधित प्रकरण की निष्पक्ष जांच हेतु 03 सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है. इस जांच टीम में एएससी आगरा कैंट, एडीईई/ओपी आगरा, एओएम आगरा शामिल हैं. वहीं प्रकरण में प्रथम दृष्टया प्राप्त तथ्यों के आधार पर विभागीय कार्रवाई करते हुए चार रेल सुरक्षा बल कर्मियों एएसआई मेघराज मीणा, एएसआई बालकिशन, कांस्टेबल बदलन सिंह, कांस्टेबल जितेंद्र को निलंबित कर दिया गया है. प्रकरण की विस्तृत जांच समिति द्वारा की जा रही है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत रेलवे नियमों के अनुसार आवश्यक विभागीय कार्रवाई की जाएगी.