आगरालीक्स ….आगरा में कोरोना के केस लगातार बढ़ रहे हैं, कमला नगर में कोरोना का एक और केस मिला। जानें अब कोरोना के कितने एक्टिव केस, किस क्षेत्र में सबसे ज्यादा केस।
आगरा में बुधवार को जिला प्रशासन द्वारा कोरोना अपडेट जारी किया गया। 24 घंटे में आगरा में कोरोना की जांच के लिए 2631 सैंपल लिए गए। इसमें से एक की कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
कमला नगर के रहने वाले 45 वर्षीय युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव
बुधवार को 45 साल के कमला नगर क्षेत्र के रहने वाले एक और युवक में कोरोना की पुष्टि हुई है। उन्हें दो तीन दिन से बुखार आ रहा था। निजी डॉक्टर से इलाज चल रहा था, संदेह होने पर निजी लैब पर कोरोना की जांच कराई। कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है और तबीयत में सुधार है। उनके परिवार में चार सदस्य हैं, इनकी भी कोरोना की जांच कराई जाएगी।
10 एक्टिव केस में से पांच केस कमला नगर में
आगरा में बीते तीन दिन में कोरोना के आठ नए केस मिले हैं, अब आगरा में कोरोना के 10 एक्टिव केस हैं। इसमें से 5 एक्टिव केस कमला नगर में हैं। एक परिवार में 10 साल की बालिका के साथ उसके नाना और नानी कोरोना पॉजिटिव हैं। जबकि कमला नगर की रहने वाले 21 साल की छात्रा कोरोना पॉजिटिव होने पर घर में इलाज करा रही है और बुधवार को एक और केस मिल गया है। इस तरह कोरोना के एक्टिव केस में से 50 फीसद कमला नगर में हैं।