आगरालीक्स…. आगरा में मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, पुलिस अधिकारियों को बुलाने की कर रहा मांग, युवक को नीचे उतारने के प्रयास में जुटे लोग।
आगरा में बुधवार सुबह लखनपुर, सिकंदरा निवासी प्रमोद मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक के मोबाइल टावर पर चढ़ने की जानकारी होने पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई।

प्रमोद का कहना, भाई की हुई हत्या
दरअसल, आगरा में 19 मार्च को सिकंदरा के लखनपुर निवासी विषु और अनूप बाइक से सिकंदरा मंडी गए थे, रेलवे ओवर ब्रिज के पास फैक्ट्री एरिया में बाइक में किसी वाहन ने टक्कर मार दी। विष्णु और अनूप की मौत हो गई थी। अनूप के भाई प्रमोद का आरोप है कि साजिश के तहत दोनों की हत्या की गई, अनूप के शरीर पर कार के निशान थे। आशंका है कि दोनों की हत्या करने के लिए हादसे की साजिश रची गई। प्रमोद मामले की जांच के लिए पुलिस अधिकारियों के चक्कर लगा रहा है।
पुलिस अधिकारियों को बुलाने की मांग
पुलिस के साथ ही स्थानीय लोगों ने प्रमोद से मोबाइल टावर से नीचे उतरने के लिए कहा, लेकिन प्रमोद ने मना कर दिया। उसका कहना है कि जब तक पुलिस के अधिकारी नहीं आते, उसकी बात नहीं सुनते और मामले की जांच के आदेश नहीं देते तब तक वह मोबाइल टावर से नीचे नहीं उतरेगा।