आगरालीक्स…आगरा में युवक की गोली मारकर हुई थी हत्या. 7 महीने पहले हुई थी शादी. पुलिस ने पत्नी को लिया हिरासत में. चौंकाने वाला हो सकता है खुलासा
आगरा में शुक्रवार को हुई युवक की गोली मारकर हत्या में पुलिस चौंकाने वाला खुलासा कर सकती है. युवक का शव शुक्रवार को जंगल में मिला था और उसकी गोली मारी गई थी. पुलिस ने मृतक की पत्नी को हिरासत में लिया है जिसके एक परिचित को अरेस्ट करने के लिए पुलिस दबिश दे रही है. मृतक की पत्नी के प्रेम संबंध सामने आए हैं. पुलिस जल्द ही इस घटना का खुलासा कर सकती है.
शुक्रवार को थाना खेरागढ़ के बुरहरा गांव के पास जंगल में एक युवक का शव लहूलुहान हालत में मिला था. उसे गोली मारी गई थी. पास में ही खोखा मिला था. मृतक की शिनाख्त नगला उदैया निवासी 22 वर्षीय झम्मन के रूप में हुई थी. वह एक हलवाई की दुकान पर काम करता था. परिजनों ने अज्ञात में हत्या की तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था. इस हत्याकांड के खुलासे के लिए चार टीमों का गठन किया गया है.

पुलिस को जांच में पता चला कि मृतक की शादी करीब सात महीने पहले ही हुई थी लेकिन पति—पत्नी के बीच आए दिन झगड़ा होता था. छानबीन में पता चला कि फतेहपुर सीकरी का रहने वाला एक युवक मृतक की पत्नी का परिचित है. जिसके साथ मृतक की पत्नी के प्रेम संबंध होने की बात सामने आ रही है. पुलिस ने मृतक की पत्नी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है तो वहीं मृतक की पत्नी के परिचित की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है. पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू पर नजर रखी जा रही है. सबूत जुटाए जा रहे हैं. जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा.