आगरालीक्स…आगरा में तांत्रिक के चक्कर में फंसा व्यापारी. साढ़े चार लाख रुपये ऐंठ लिए. अब वापस रकम मांगी तो तांत्रिक ने कहा माफिया अतीक अहमद मेरा रिश्तेदार…
आगरा में शाहगंज का एक व्यापारी तांत्रिक के चक्कर में ऐसा फंसा कि अपने साढ़े चार लाख रुपये गंवा बैठा. इतनी बड़ी रकम गंवाने के बाद जब उसे ठगी का अहसास हुआ या कहें कि होश आया तब जाकर उसने आरोपी तांत्रिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है. व्यापारी ने जब तांत्रिक से अपने रुपये वापस मांगे तो उसने न सिर्फ जान से मारने की धमकी दी बल्कि ये कहा कि माफिया अतीक अहमद उसका रिश्तेदार है.
थाना शाहगंज के रुई की मंडी में गौरव सारस्वत रहते हैं. इनकी कॉस्मेटिक की दुकान है. व्यापारी के अनुसार 9 महीने पहले तारीख जाफरी नाम का एक व्यक्ति उनकी दुकान पर कॉस्मेटिक का सामान खरीदने आया था. उसने खुद को तांत्रिक बताया. जब व्यापारी ने काम धंधा न चलने की बात कही तो इस पर आरोपी तांत्रिक ने तंत्र मंत्र से व्यापार की बाधा दूर करने को कहा. इस पर व्यापारी ने कहा कि उपाय बताओ तो तांत्रिक ने तंत्रमंत्र किया और धूप बत्ती जलाकर बैठने के लिए कहा. व्यापारी ने ऐसा ही करा. आरोप है कि तांत्रक उसे यमुना किनारे एक धर्मस्थल के किनारे बुलाता और तंत्रमंत्र कराता. इसके बदले में वह रुपये भी लेता था.

व्यापारी ने पुलिस को बत5ाया कि उसके बच्चे अक्सर बीमार रहते थे, जब ये बात भी उसने तांत्रिक से कही तो उसने कहा कि वह बच्चों का इलाज कर देगा. इस पर तांत्रिक व्यापारी को हर महीने पानी की दो बोतल देता था और इसके लिए 22 हजार रुपये लेता था. वह पानी को बच्चों को पिलाने और खुद पीने के लिए बोलता था. कई महीने बाद भ्ज्ञी जब बच्चों पर कोई फर्क नहीं पड़ा तो व्यापारी को ठगी का अहसास हुआ. व्यापारी ने पुलिस को बताया कि वह तांत्रिक को करीब साढ़े चार लाख रुपये दे चुका था.
इसके बाद जब उसने अपनी रकम तांत्रिक से वापस मांगी तो वह धमकी देने लगा. उसने कहा कि वह माफिया डॉन अतीक अहमद का रिश्तेदार है, कटवा दूंगा, पता भी नहीं चलेगा. व्यापारी ने आरोपी तांत्रिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराते हुए कहा है कि वह और उसका परिवार दहशत में है. उन्होंने सुरक्षा की गुहार लगाई है. थाना शाहगंज पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है.