आगरालीक्स…आगरा में चौकीदार की सिर कुचलकर हत्या. पत्नी ने तीन के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा. पुलिस कर रही जांच
आगरा के एनएच 2 पर बुढिया के ताल के पास स्थित ईंट मंडी में बीती रात एक चौकीदार की सिर कुचलकर हत्या कर दी गई है. सुबह घटना की जानकारी हुई. मौके पर पुलिस फोर्स भी पहुंच गया. मृतक की पत्नी ने तीन लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
ये है पूरा मामला
बुढ़िया के ताल के पास सामुदायिक केंद्र को जाने वाले रोड पर एक खाली पड़े खेत में ईंट मंडी चलती है. यहां नरेश निषाद पुत्र मूलचंद्र निवासी बुढ़िया का ताल चौकीदारी करता था. आज सुबह नरेश की लाश यहां मिली. उसकी सिर कुचलकर हत्या की गई है. मृतक की पत्नी ने दर्ज कराए मुकदमे में कहा है कि मंगलवार रात को करीब 8 बजे उनके पति हर रोज की तरह ईंट मंडी में सोने चले गए थे. आज सुबह जब वह वहां पहुंची तो वहां नरेश की खून से सनी लाश मिली. घटना की जानकारी होते ही परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंच गए.

मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. फारेंसिक जांच टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की. मृतक की पत्नी दुर्गा ने मुकदमा दर्ज कराते हुए कहा है कि उसके पति की हत्या नीरज राणा पुत्र कुंज बिहारी, सोनू पुत्र रामबाबू उर्फ निन्नू व राजेंद्र उर्फ घंटा पुत्र ओमप्रकाश निवासी बुढ़िया के ताल ने की है. पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम बनाकर दबिश दी जा रही है. जल्द हत्यारोपियों को अरेस्ट किया जाएगा.