आगरालीक्स…आगरा में शादियों की शापिंग हुई तेज. वीकेंड लॉकडाउन से पहले बाजारों में अच्छी खासी भीड़. सुबह जल्दी खुलने लगी दुकानें.
कल से सहालग हो रहे शुरू
आगरा सहित पूरे यूपी में इस साल का पहला वीकेंड लॉकडाउन 48 घंटे बाद शुक्रवार रात 8 बजे से शुरू हो जाएगा. कल से सहालग भी शुरू हो रहा है, ऐसे में एक ओर जहां डीएम पीएन सिंह ने शादी में शामिल होने के लिए निमंत्रण कार्ड को आने जाने का पास बताया है तो वहीं शादी की शापिंग बाजारों में तेज हो गई है.
सुबह ही खुल रहीं दुकानें
शादी में शापिंग के लिए सुबह 9 बजे से ही दुकानें खुल रही हैं. रात को 7 बजे के बाद से ही दुकानें बंद होना शुरू हो जाती है, ऐसे में दुकानदारों ने ग्राहकी बढ़ाने के लिए सुबह जल्दी दुकानें खोलना शुरू कर दी है. इधर शादी की शापिंग करने वाले लोग भी सुबह जल्द ही मार्केट पहुंच रहे हैं और खरीदारी कर रहे हैं. सिंधी बाजार में रेडीमेड गारमेंट चलाने वाले विकास का कहना है कि ग्राहक भी सुबह जल्दी आ रहे हैं और हम लोग भी जल्दी दुकानें खोल ले रहे हैं.
शाम सात बजे तक रहती है भीड़
इधर शादी की शापिंग को लेकर दिन और शाम को बाजारों में अच्छी खासी भीड़ देखी जा रही है. हालांकि शाम सात बजे के बाद से ग्राहकों का मार्केट से वापस जाना शुरू हो जाता है लेकिन सात बजे तक बाजारों में कस्टमर की संख्या अच्छी देखी जा रही है. सहालग होने के कारण शापिंग होने से दुकानदारों में भी थोड़ी राहत देखने को मिल रही है.
दुकानों में नियमों का हो रहा पालन
इधर दुकानों में भी कोविड 19 के नियमों को लेकर जरूरी पालन किया जा रहा है. हाल ही में डीएम पीएन सिंह द्वारा बाजारों में मास्क न पहनने वाले दुकानदारों का निरीक्षण कर चालान किया गया है. इसे देखते हुए बाजारों में दुकानदार अपने साथ अपने कर्मचारियों को भी मास्क हर समय पहनने की सलाह दे रहे हैं. इसके अलावा दुकानों में सेनेटाइजर रखा जा रहा है. ग्राहक को पहले सेनेटाइज कराया जा रहा है.
कम लोग ही जा रहे मार्केट
कोविड 19 को ध्यान में रखते हुए लोग भी अपने साथ कम ही लोगों को साथ लेकर मार्केट में शापिंग करने के लिए जा रहे हैं. बच्चों को खासकर कोई लेकर नहीं जा रहा है.