आगरालीक्स…यूपी में कोरोना बेकाबू— 24 घंटे में 33 हजार से ज्यादा पॉजिटिव, 187 की मौत..लखनऊ में अस्पताल के बाहर लगा नोटिस—नहीं है आक्सीजन, मरीजों को ले जाएं.
लगातार मिल रहे रिकॉर्ड केस
यूपी में कोरोना के कारण हालात लगातार बेकाबू होते जा रहे हैं. योगी सरकार द्वारा लगातार लगाई जा रही पाबंदियों के बावजूद प्रदेश में संक्रमण की रफ्तार कम होने का नाम नहीं ले रही है. बुधवार को प्रदेश में 24 घंटे के अंदर 33 हजार से ज्यादा संक्रमित मिले. इसके अलावा 187 लोगों की मौत भी हो गई. सबसे बुरे हाल लखनऊ के हैं. लखनऊ में 24 घंटे के अंदर करीब छह हजार पॉजिटिव मिले हैं और 21 लोगों की मौत भी हुई है. इस समय प्रदेश में सक्रिय मरीजों की संख्या 242265 है और अब तक प्रदेश में 10346 लोगों की मौत हो चुकी है.
लखनऊ में हालात खराब
प्रदेश में सबसे ज्यादा हालात लखनऊ के खराब हैं. यहां रिकॉर्ड कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं. अस्पतालों में बैड नहीं है. अगर बैड मिल जाए तो आक्सीजन को लेकर मारामारी हो रही है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बुधवार को लखनऊ के एक अस्पताल मेयो हॉस्पिटल ने अपने बाहर एक नोटिस चस्पा किया और इसमें कहा गया है कि अस्पताल में आक्सीजन नहीं है. स्टॉक खत्म हो गया और मरीजों को हायर सेंटर ले जाने के लिए कहा गया है. ऐसे में यहां पर हड़कंप मचा हुआ है. लखनऊ में कोविड अस्पतालों में सबसे ज्यादा मार आक्सीजन की है. हालांकि प्रदेश सरकार द्वारा लगातार कहा जा रहा है कि आक्सीजन की पर्याप्त आपूर्ति के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.