आगरालीक्स… आगरा में लाकडाउन में जिला जेल से पैरोल पर छोड़े गए 85 विचाराधीन कैदी नहीं लौटे वापस, जेल प्रशासन परेशान, जेल प्रशासन ने वापस नहीं लौटे बंदियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को लिखकर दिया है।
कोरोना संक्रमण के कारण शासन के निर्देश पर आगरा जिला कारागार से 114 विचाराधीन कैदी, जो बीमार, वृद्ध अथवा कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए पैरोल पर छोड़ दिया था। छोड़े गए बंदियों में से सिर्फ 29 बंदी ही वापस आए हैं, जबकि 85 बंदी कोरोना संक्रमण का खतरा कम होने के बाद वापस नहीं लौटे हैं। इससे जेल और पुलिस अधिकारियों की टेंशन बढ़ गई है। आगरा जिला कारागार के अधीक्षक शशिकांत मिश्रा ने बताया कि जेल से कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए शासन के निर्देश पर 114 बंदियों को पैरोल पर छोड़ा गया था, जिसमें से 85 बंदी अभी तक वापस नहीं आए हैं। इस संबंध में इन बंदियों के बारे में पुलिस अधिकारियों को जानकारी दे दी गई है।
अलीगढ़ जेल से छोड़े 59 बंदी फरार घोषित
दूसरी ओर अलीगढ़ और हाथरस के पैरोल पर छोड़े गए 69 बंदियों में से सिर्फ दस ने आमद कराई है, जबकि 59 ने आमद नहीं कराई है। इनके जेल में वापस आने की अविधि 15 नवंबर को खत्म हो चुकी है। पैरोल पर छोड़े गए बंदियों को फरार घोषित कर दिया गया है। अब पुलिस इनकी गिरफ्तारी करेगी।