आगरालीक्स….(15 January 2022 Agra News) आगरा में भाजपा के प्रत्याशी घोषित होने के बाद उथल—पुथल शुरू हो गई है। मौजूदा पांच विधायक के टिकट कट गए हैं, लेकिन वे चुनाव लड़ना चाहते हैं वहीं कई ऐसे चेहरे भी हैं जो टिकट की आस में बैठै थे, टिकट न मिलने पर नाराजगी व्यक्त कर रहे हैं, कह रहे हैं कि जल्द ही कोई बड़ा कदम उठाएंगे।
आगरा ग्रामीण सीट, भाजपा से बेबीरानी मौर्या प्रत्याशी, वर्तमान विधायक हेमलता दिवाकर
आगरा ग्रामीण सीट से पिछले चुनाव में भाजपा से हेमलता दिवाकर चुनाव जीती थी, इस बार पूर्व राज्यपाल बेबीरानी मौर्या को प्रत्याशी घोषित किया गया है। उनका कहना है कि क्षेत्र में लगातार काम किया, इसके बाद भी टिकट नहीं मिली है। अपने समर्थक और परिवार से बात करने के बाद निर्णय लूंगी कि आगे क्या करना है।
फतेहपुर सीकरी सीट भाजपा से चौधरी बाबूलाल
फतेहपुर सीकरी सीट से भाजपा के चौधरी उदयभान सिंह विधायक हैं, उनकी जगह चौधरी बाबूलाल को टिकट दी गई है। मगर, फतेहपुर सीकरी सीट से भाजपा के कई कार्यकर्ता दावेदारी कर रहे थे, उन्हें टिकट न मिलने पर अपने समर्थकों के साथ बैठक करने के बाद आगे की रणनीति बना रहे हैं।
फतेहाबाद सीट भाजपा से छोटेलाल वर्मा
आगरा की फतेहाबाद सीट से भाजपा से छोटेलाल वर्मा को टिकट दी गई है। इस सीट पर भाजपा से जितेंद्र वर्मा चुनाव जीते थे। उन्हें टिकट नहीं मिली है।
खेरागढ़ सीट भाजपा से भगवान सिंह कुशवाह
भाजपा की खेरागढ़ विधानसभा सीट से महेश गोयल भाजपा के विधायक हैं, उनकी टिकट काट दी गई है, इस सीट पर बसपा से विधायक रहे भगवान सिंह कुशवाह को टिकट दी गई है। इस सीट पर भी कई भाजपा कार्यकर्ता दावेदारी कर रहे थे, वे नाराज हैं।
एत्मादपुर सीट डॉ. धर्मपाल सिंह
एत्मादपुर से भाजपा के राम प्रताप सिंह चौहान विधायक हैं। इस सीट पर बसपा पार्टी से विधायक रहे और सपा ज्वाइन करने के बाद डॉ. धर्मपाल सिंह को प्रत्याशी घोषित किया गया है।