आगरालीक्स….(Agra News 21st May) आगरा में कोरोना से ठीक होने के बाद ब्लैक फंगस के शिकार हो रहे मरीजों के लिए 48 बेड सुरक्षित, तीन मरीज गंभीर, महिला मरीज में पुष्टि।
आगरा में 21 मई को पहले ब्लैक फंगस के मरीज की पुष्टि की गई। यह महिला मरीज 53 साल की हैं और जयपुर हाउस कालोनी की रहने वाली हैं। इन्हें गुरुवार को एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया और रात में ही आपरेशन कर नाक के एक हिस्से से ब्लैक फंगस निकाल दी गई, इसे जांच के लिए भेजा गया। ब्लैक फंगस की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
सात मरीज भर्ती, तीन की हालत गंभीर
एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ संजय काला ने बताया कि एसएन में सात मरीज भर्ती हैं, इसमें से तीन की हालत गंभीर है। इन मरीजों की जान बचाना डॉक्टरों के लिए मुश्किल हो रहा है।
ब्लैक फंगस के मरीजों के लिए 48 बेड
एसएन मेडिकल कॉलेज में ब्लैक फंगस (म्यूकोरमाइकोसिस) मरीजों के लिए 48 बेड हैं। मरीज को इमरजेंसी में भर्ती किया जाएगा, यहां चार बेड हैं। कोरोना की जांच की जाएगी, रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर कोविड हॉस्पिटल में भर्ती किया जाएगा, कोविड हॉस्पिटल में 20 बेड हैं। 20 बेड ईएनटी और 4 बेड मेडिसिन विभाग में हैं।
बचाव के तरीके
- ब्लड शुगर पर पूरा नियंत्रण
- स्टेराइड का उचित, तर्कसंगत और विवेकपूर्ण प्रयोग
- कोविड मरीज को ऑक्सीजन देते समय उसका पानी रोजाना बदला जाए
- दिन में दो बार नाक को सलाइन से धोएं.
- जो कोविड रोगी अधिक जोखिम वाले हैं, उनकी नाक धोना और एमफोरेटिस बी से उपचार.
-साफ सफाई का विशेष ध्यान रखें