आगरालीक्स… Agra News: आगरा के आंबेडकर विवि में जहां शताब्दी समारोह होना है उसी शिवाजी मंडपम से एसी की कॉपर की केबल चोरी, कर्मचारियों पर मुकदमा।
आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विवि का शताब्दी समारोह एक जुलाई से शुरू हो रहा है, शताब्दी समारोह के शुभारंभ के लिए शिवाजी मंडपम में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा और दीक्षांत समारोह मैदान में प्रदर्शनी लगेगी।
300 मीटर कॉपर की केबल चोरी
विवि के उप कुलसचिव प्रशासन कैलाश बिंद द्वारा थाना न्यू आगरा में दर्ज कराए गए मुकदमे में कहा गया है कि नौ जून की रात 11 बजे से 10 जून की सुबह चार बजे के बीच शिवाजी मंडपम भवन के द्वितीय तल से एसी में लगी करीब 300 मीटर कापर वायर केबल चोरी हो गई।
आरोप है कि शिवाजी मंडपम का कर्मचारी सत्यप्रकाश चौहान परिसर में ही रहता है और उसके पास ही चाबियां रहती हैं। आउटसोर्स कर्मचारी धीरज कुमार साउंड का काम करता है। सत्यप्रकाश की अनुपस्थिति में शिवाजी मंडपम को खोलने और बंद करने का काम धीरज कुमार ही करता है, कर्मचारियों ने दो अज्ञात सुरक्षाकर्मियों और अन्य के साथ मिलकर कॉपर की केबल चोरी की है।