आगरालीक्स…आगरा के 8 प्रेरणादायी पिताओं को मिला बेस्ट फादर अवार्ड 2026. इनमें तीन विभूतियों को मरणोपरांत मिला सम्मान…
वर्ल्ड फादर्स डे के अवसर पर सामाजिक संस्था 'एक पहल' एवं 'अफलातून आगरा फाउंडेशन' द्वारा आयोजित बेस्ट फादर अवार्ड-2026 (सीजन-5) समारोह में उन पिताओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने त्याग, संस्कार, मार्गदर्शन और संघर्ष से अपने बच्चों को जीवन में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। होटल लेमन ट्री में आयोजित इस गरिमामयी समारोह में समाज, खेल, प्रशासन, शिक्षा और व्यापार जगत से जुड़े प्रेरणादायी पिताओं का अभिनंदन किया गया। मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह ने पिताओं को सम्मानित किए जाने के इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक पिता अपने बच्चों को जीवन में सफल और ऊंचाइयों पर स्थापित देखना चाहता है। बच्चों का भी दायित्व है कि वे अपने माता-पिता के सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करें और उनके संघर्षों का सम्मान करें।उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ बबीता चौहान ने समारोह का उद्घाटन करते हुए कहा कि पिता के सम्मान का कोई एक दिन नहीं हो सकता। पिता तो प्रतिदिन वंदनीय हैं। उनका स्नेह, अनुशासन और संरक्षण परिवार की सबसे बड़ी शक्ति है। अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ समाजसेवी सुरेशचंद गर्ग ने कहा कि पिता का योगदान किसी भी बच्चे के जीवन में अमूल्य होता है। पिता ही वह मजबूत छत हैं, जिसके संरक्षण में बच्चे निश्चिंत होकर अपने सपनों को साकार करते हैं और जीवन रूपी पौधे को विशाल वृक्ष के रूप में विकसित करते हैं। समाजसेवी नजीर अहमद ने कहा कि शहर में श्रेष्ठ पिताओं को सम्मानित करने की यह श्रंखला अत्यंत सराहनीय है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है और परिवार एवं संस्कारों के महत्व का संदेश समाज तक पहुंचता है।
संयोजक राजकुमार उप्पल और मनीष राय ने कहा कि इस वर्ष विधायक स्वर्गीय जगन प्रसाद गर्ग, समाजसेवी स्वर्गीय अशोक अग्रवाल सहित अनेक प्रेरणादायी व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया है। विधायक जगन प्रसाद गर्ग का राजनीति और समाज सेवा के क्षेत्र में योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। संस्था के मार्गदर्शक आदर्श नंदन गुप्ता, कार्यक्रम संयोजक राजकुमार उप्पल एवं अंकित खंडेलवाल ने अतिथियों के साथ सम्मानित होने वाले पिताओं का अभिनंदन किया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ रंगकर्मी दीपक जैन ने किया।ये रहे उपस्थित
समारोह में संस्था के संरक्षक डॉ. नरेंद्र मल्होत्रा, संरक्षक पार्षद मुरारी लाल गोयल, डॉ. अरुण शर्मा, अनूप यादव, डॉ. संजीव नेहरू, एडवोकेट रमाशंकर राजपूत, डॉ. राहुल राज, वरिष्ठ रंगकर्मी अनिल जैन, एडवोकेट रिंकू पठान आदि उपस्थित रहे।
इन पिताओं को मिला बेस्ट फादर अवार्ड-2026
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर दीप्ति शर्मा के पिता श्रीभगवान शर्मा।
चार बार के विधायक स्व. जगन प्रसाद गर्ग को मरणोपरांत सम्मान।
उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के चेयरमैन राकेश गर्ग के पिता राम प्रकाश गर्ग।
आईएएस अधिकारी और चिकित्सक बेटे को प्रेरित करने वाले राकेश कुमार सिंह।
रोल बॉल विश्व कप स्वर्ण पदक विजेता बेटी के पिता दिग्विजय पचौरी।
बाल कलाकार एवं मॉडल को नई पहचान दिलाने वाले रोहन आहूजा।
स्वर्गीय अर्जुन देव अरोड़ा को मरणोपरांत सम्मान।
स्व. अशोक अग्रवाल को मरणोपरांत सम्मान।