आगरालीक्स …Agra News: लखनऊ में आग से 15 छात्रों की मौत, आगरा के कोचिंग, गेमिंग सेंटरों में भी आग बुझाने के इंतजाम नहीं, 80 प्रतिशत कोचिंग बिना रजिस्ट्रेशन के चल रही हैं। अब होगी कार्रवाई।
लखनऊ में कोचिंग व ट्रेनिंग सेंटर में आग से 15 छात्रों की मौत हो गई, इसके साथ ही किराए के भवन में संचालित हो रही कोचिंग में आग बुझाने के इंतजाम पर सवाल उठने लगे हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आगरा के भगवान टॉकीज पर सबसे ज्यादा कोचिंग सेंटर हैं इसके साथ ही हर क्षेत्र में कोचिंग सेंटर बने हुए हैं। एक ही बिल्डिंग में दुकान, कोचिंग सेंटर, लाइब्रेरी और गेमिंग जोन भी बने हुए हैं। मगर, आग बुझाने के न तो इंतजाम हैं और ना ही यहां आग बुझाने के इंतजाम की जांच ही की जाती है।
80 प्रतिशत बिना रजिस्ट्रेशन के चल रहीं कोचिंग
कोचिंग का रजिस्ट्रेशन उच्च शिक्षा विभाग के कार्यालय में होता है। 50 छात्र तक के कोचिंग के लिए 10 हजार रुपये शुल्क है और 50 कोचिंग से अधिक छात्रों के लिए शुल्क 25 हजार रुपये है। यह रजिस्ट्रेशन तीन साल के लिए होता है, रजिस्ट्रेशन में छात्रों के लिए मूलभूत सुविधाओं के साथ ही आग बुझाने के इंतजाम देखे जाते हैं यह भी सुनिश्चित किया जाता है कि कोचिंग में दो गेट होने चाहिए जिससे आग लगने पर छात्रों को बाहर निकाला जा सके। आगरा में करीब 700 कोचिंग हैं लेकिन इन 700 कोचिंग में से केवल 20 प्रतिशत यानी 128 कोचिंग का ही रजिस्ट्रेशन है अन्य कोचिंग बिना रजिस्ट्रेशन के ही संचालित हो रही हैं। उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेश प्रकाश का कहना है कि जुलाई में कोचिंग की जांच और बिना रजिस्ट्रेशन चल रहीं कोचिंग पर कार्रवाई के लिए अभियान चलाया जाएगा।