आगरालीक्स…Agra News: अब आप आगरा के सेंट जोंस डिग्री कॉलेज से एमबीए और एमसीए भी कर सकते हैं, एडमिशन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है जानें। सेंट जोंस कॉलेज ने शैक्षणिक सत्र 2026-28 से मास्टर ऑफ बिज़नेस एडमिनिस्ट्रेशन (एमबीए) और मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशंस (एमसीए) कोर्स शुरू किए गए हैं।
प्राचार्य प्रो. एसपी सिंह के अनुसार यह पहल भविष्य के पेशेवरों को वैश्विक स्तर पर सफलता के लिए ज्ञान, कौशल और नैतिक मूल्यों से सशक्त बनाने के कॉलेज के सतत मिशन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। दोनों पाठ्यक्रमों को अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) की मंजूरी और डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय(एकेटीयू) द्वारा संबद्धता मिल चुकी है। सत्र 2026-28 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और दोनों पाठ्यक्रमों में प्रतिवर्ष 120-120 सीटों पर दाखिला दिया जाएगा।
मार्केटिंग से लेकर एचआर की पढ़ाई
एमबीए पाठ्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, रणनीतिक सोच और विश्लेषणात्मक कौशल विकसित करना है। इसमें छात्रों को मार्केटिंग, फाइनेंस, एचआरएम, ऑपरेशंस, उद्यमिता और बिज़नेस एनालिटिक्स में विशेषज्ञता के साथ-साथ केस स्टडी, इंटर्नशिप और उद्योग विशेषज्ञों के माध्यम से व्यावहारिक अनुभव मिलेगा। स्नातक छात्र प्रबंधन, परामर्श, वित्त और मानव संसाधन जैसे क्षेत्रों में करियर बना सकेंगे। वहीं एमसीए पाठ्यक्रम आईटी क्षेत्र के लिए उन्नत तकनीकी ज्ञान पर केंद्रित है। इसमें सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, प्रोग्रामिंग, एआई (एआई), मशीन लर्निंग, डेटाबेस सिस्टम और क्लाउड टेक्नोलॉजी जैसे आधुनिक विषय शामिल हैं। इसके माध्यम से छात्र साइबर सुरक्षा, डेटा एनालिटिक्स और आईटी कंसल्टिंग जैसे क्षेत्रों में करियर बना सकेंगे।