आगरालीक्स…यमुना में फिर डूबकर मौत. रुनकता में यमुना में डूब रहे बेटे को बचाने के प्रयास में पिता नदी में डूबा…छह घंटे बाद तीन किमी दूर मिली लाश
यमुना में डूबने से एक बार फिर मौत का मामला सामने आया है. रुनकता में नहाते समय डूब रहे बेटे को बचाने की कोशिश में पिता नदी में बह गया. करीब छह घंटे बाद तीन किमी दूर उसका शव नदी से मिला.बेटों के साथ नहाने गए थे दिनेश
थाना सिकंदरा के अरतौनी में रहने वाले 40 साल के दिनेश पुत्र भगवान दास रविवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे अपने बेटों पंकज और पुष्पेंद्र के साथ यमुना नदी में नहाने के लिए गए थे. अरतौनी भैंसा घाट स्थित श्मशान घाट के पास नदी के बीच बने टापू पर पहुंच गए. इस दौरान नहाते समय बेटा पंकज अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. बेटे को डूबता देख दिनेश तुरंत उसे बचाने के लिए नदी में कूद गए. उन्होंने किसी तरह पंकज को तो सुरक्षित बाहर निकाल दिया लेकिन खुद गहरे पानी में फंस गए और तेज बहाव में बह गए.
सूचना पर आसपास के ग्रामीणों के साथ थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. पीएसी और गोताखोरों की टीम ने स्टीमर से कई घंटों तक सर्च आपरेशन चलाया. काफी प्रयास के बाद शाम करीब छह बजे दिनेश कुमार का शव तीन किलोमीटर दूर बलदेव घाट के पास मिला. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. मृतक दिनेश जूता फैक्ट्री में काम करते थे और परिवार में दो बेटे और एक बेटी है.