आगरालीक्स…आगरा में जेवरों के लालच में युवक ने महिला को लूट कर उसकी हत्या कर दी. पुलिस ने मुठभेड़ में दबोचा आरोपी
खेड़ा राठौर थाना क्षेत्र में महिला की हत्या और लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार रात बटेश्वर परिक्रमा मार्ग पर हुई पुलिस मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।गुमानसिंहपुरा निवासी मनू निषाद 10 जून को हुई लक्ष्मी (50) की हत्या और जेवर लूट की घटना में वांछित था। डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि शनिवार रात पुलिस टीम बटेश्वर परिक्रमा मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया और उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने गांव की रहने वाली लक्ष्मी को बाइक पर लिफ्ट दी थी। महिला के पास पहने हुए जेवरों को देखकर उसकी नीयत खराब हो गई। जेवर लूटने के बाद उसे डर था कि महिला उसकी पहचान उजागर कर देगी, इसलिए उसने उसकी हत्या कर दी। गौरतलब है कि मृतका के बेटे किशोरीलाल ने घटना के संबंध में मनू निषाद समेत अन्य लोगों के खिलाफ हत्या और लूट का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान कुछ अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी भूमिका की पड़ताल की जा रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।