आगरालीक्स…हमने आगरा में दुकान वॉक करने की सोची, आप ऐसा कभी मत करना…रूसी महिला पर्यटक के इस वीडियो पर पुलिस ने कहा—नहीं हुई किसी प्रकार की छेड़छाड, फब्तियां कसने की घटना
एक रूसी महिला पर्यटक का वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल हो रहा है, यह वीडियो आगरा के यमुना किनारा रोड का है, भीड़ भाड़ वाले यमुना किनारा रोड से आगरा किला और ताजमहल तक जाते हैं। महिला विदेशी पर्यटक ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए वीडियो में अपने अनुभव साझा करते हुए चेतावनी दी है।आप कभी ऐसा मत करना
वीडियो पर महिला पर्यटक ने रूसी भाषा में लिखा है हमने आगरा में दुकान वॉक करने की सोची, आप कभी ऐसा मत करना। वीडियो में रूसी महिला पर्यटक यमुना किनारा रोड पर बेलगंज से जीवनीमंडी तक पैदल जा रही है, आटो और ई रिक्शा चालक विदेशी महिला पर्यटक के सामने आ जाता है, कहता है मैम मैम इससे महिला पर्यटक असहज महसूस करती है।
पुलिस ने कहा— नहीं हुई कोई आपत्तिजनक घटना
इस वीडियो के वायरल होने पर सहायक पुलिस आयुक्त सैंया डॉ. सुकन्या शर्मा ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से एक वीडियो संज्ञान में आई, जिसे रूस की एक महिला पर्यटक के साथ असहज अनुभव के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है. उक्त पोस्ट के उपरांत सोशल मीडिया पर विभिन्न प्रकार की भ्रामक एवं तथ्यहीन टिप्पणियां प्रसारित होने लगीं. जांच में वीडियो में कहीं भी महिला के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़, फब्तियां कसने अथवा अन्य आपत्तिजनक घटना परिलक्षित नहीं हुई.
उन्होंन8े कहा कि महिलाओं के सम्मान एवं गरिमा से जुड़े विषय अत्यंत संवेदनशील हैं, अतः असत्य तथ्यों एवं भ्रामक सूचनाओं के माध्यम से सामाजिक सौहार्द एवं जनभावनाओं को प्रभावित करने का प्रयास अनुचित है. ऐसे मामलों में भ्रामक सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की जाएगी. "अतिथि देवो भवः" की भावना के अनुरूप आगरा पुलिस सभी पर्यटकों एवं महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं विश्वास बनाए रखने हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है.