आगरालीक्स…आगरा में कल से तीन दिन महिलाएं निकालेंगी जन आक्रोश पदयात्रा. महिला आरक्षण बिल गिरने पर मेयर ने कहा—चुनावों में विपक्ष को करारा जवाब देंगी देश की महिलाएं
विपक्षी दलों द्वारा लोकसभा में महिला आरक्षण बिल को गिराने के बाद भारतीय जनता पार्टी की आगरा इकाई द्वारा 23, 24 व 25 अप्रैल को मंडलवार जन आक्रोश पदयात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद जन आक्रोश सभा का भी आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी बुधवार को जयपुर हाउस स्थित भाजपा कार्यालय पर भाजपा की महिला नेताओं ने दीं। उनके साथ बड़ी संख्या में भाजपा की नेत्रियां मौजूद रहीं।महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, टीएमसी, डीएमके सहित अन्य विपक्षी दलों ने महिला आरक्षण संबंधी बिल को गिराकर महिला विरोधी मानसिकता को जाहिर किया है, यह दल हमेशा से महिला विरोधी मानसिकता के साथ कार्य करते हुए आए हैं।
उन्होंने कहा कि हम सभी बताना चाहते हैं कि हम प्रधानमंत्री के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं और हो भी क्यों न, प्रधानमंत्री हमेशा से महिलाओं के हितैषी रहे हैं। मोदी जी ने 2014 से प्रधानमंत्री पद की कमान संभाली तो उन्होंने कहा कि वे प्रधानमंत्री नहीं, बल्कि प्रधानसेवक के रूप में कार्य करेंगे। प्रधानमंत्री जी ने देश की महिलाओं के उत्थान के लिए अनेकों योजनाओं के माध्यम से कार्य किए हैं। चाहे कन्या सुमंगला योजना हो, मातृ वंदना योजना, जनधन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना सहित विभिन्न योजनाएं महिलाओं के उत्थान व समाज में उनके प्रतिनिधित्व को मजबूत करने की सोच जाहिर करती है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम व महिला आरक्षण बिल महिला को सशक्त बनाने का ऐतिहासिक कदम हैं। लेकिन विपक्ष नारी विरोधी मानसिकता के साथ कार्य कर रहा है जो कि निंदनीय है। विपक्ष के इस कृत्य से पूरे देश की महिलाएं आहत हैं। आगरा, उत्तर प्रदेश और पूरे देश की महिलाएं प्रधानमंत्री जी के साथ खड़ी हैं और महिलाओं को सशक्त करने की इस लड़ाई में प्रधानमंत्री जी के साथ हैं। विपक्ष को आगामी चुनावों में देश की महिलाएं करारा जवाब देंगी। जन आक्रोश पदयात्रा और जनसभा में पूरे आगरा की महिलाएं प्रतिभाग करेंगी।
महापौर ने कहा कि विपक्ष आम महिलाओं को प्रतिनिधित्व नहीं देना चाहता, बल्कि अपने परिवार की महिलाओं को ही आगे बढ़ाना चाहता है। कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य ने कहा कि आज देश की महिलाओं ने विपक्ष के इस पक्षपात को देख लिया है और इसकी भरपाई उन्हें चुनावों में देखने को मिलेगी। इस दौरान कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य, महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया सहित भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी, कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।