आगरालीक्स..आगरा के एत्मादपुर में गरजे आकाश आनंद. सपा को गिरगिट की तरह रंग बदलने वाली तो भाजपा को भी बेरोजगारी, पेपर लीक और क्राइम पर घेरा. एत्मादपुर से प्रत्याशी भी किया घोषित
दलितों की राजधानी कहे जाने वाले आगरा के एत्मादपुर में रविवार को बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने जमकर भाजपा और सपा पर निशाना साधा. एत्मादपुर के मॉडल स्कूल मैदान में रविवार को हुए विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन में उन्होंने समाजवादी पार्टी को गिरगिर की तरह रंग बदलने वाली पार्टी बताया तो वहीं भाजपा को भी प्रदेश में बेरोजगारी, पेपर लीक और क्राइम पर जमकर घेरा. उन्होंने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार है, डबल डिप्टी सीएम हैं लेकिन इनमें दलित कोई भी नहीं. इस दौरान उन्होंने एत्मापदपुर विधानसभा से सर्वेश बघेल को बसपा प्रत्याशी घोषित किया. उन्होंने समर्थकों से सर्वेश बघेल को जिताने की अपील भी की. राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी उत्तर प्रदेश में शिक्षा, रोजगार के नाम पर चुनाव लड़ेगी. उन्होंने सभी से मायावती को पांचवीं बार प्रदेश की मुख्यमंत्री बनाने के लिए आहृवान किया. उन्होंने सपा और कांग्रेस को भाजपा की बी टीम बताया और कहा कि एक तरफ तीन पार्टियां हैं और दूसरी तरफ अकेली बसपा.

भाजपा पर साधा निशाना
आकाश आनंद ने भाजपा सरकार के प्रदेश में 10 साल के कार्यकाल पर भी सवाल उठाए और बेरोजगारी, पेपर लीक और कानून व्यवस्था का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सिर्फ होर्डिंग में नंबर वन पर है, हमारे टैक्स का 7000 करोड़ रुपये खर्च कर चुके हैं लेकिन झांसी के अस्पताल में आग से बचने का उनके पास इंतजाम नहीं है. 13 लाख से ज्यादा सरकारी पद खाली हैं, इनके पास पैसे नहीं हैं. युवा तैयारी करते हैं तो पेपर लीक हो जाता है. यूपी हत्याओं के मामले में नंबर वन है, आरोपी को कैमरे के सामने लंगड़ाकर चलाया जाता है. 10 साल में 25 हजार से ज्यादा स्कूल बंद हैं. सरकार कहती है कि हमने बंद नहीं किया स्कूल मिला लिए. उत्तर प्रदेश में 2 करोड़ से ज्यादा नौजवान बेरोजगार है. हर साल फार्म भरते हैं, फीस भरते हैं और परीक्षा भी देते हैं और फिर खबर आती है कि पेपर लीक हो गया.

सपा पर भी बरसे आनंद
आकाश आनंद ने सपा पर हमला बोलते हुए कहा कि सपा और कांग्रेस गिरगिट की तरह रंग बदलने वाली पार्टी है. बसपा सरकार में बहुजन महापुरुषों के नाम पर जिले बनाए गए थे लेकिन सपा सरकार आते ही उनके नाम बदल दिए गए. सपा गिरगिट है और इसको पहचान लीजिए. यह वही लोग हैं जिन्होंने संसद में एससी एसटी एक्ट में प्रमोशन का विरोध किया था.