आगरालीक्स …Agra News: आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के कर्मचारी संघ के चुनाव में अध्यक्ष पद पर वर्चस्व की लड़ाई, 25 जून से नामांकन, 15 जुलाई को मतदान।
आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विवि कर्मचारी संघ के चुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। चुनाव अधिकारी प्रो. ब्रजेश रावत के अनुसार नामांकन की प्रक्रिया 25 से 27 जून तक होगी। 29 जून को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। प्रत्याशी 30 जून को प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक अपना नामांकन वापस ले सकेंगे। इसी दिन दोपहर 01:00 बजे चुनावी मैदान में उतरने वाले प्रत्याशियों की अंतिम सूची का प्रकाशन किया जाएगा और उन्हें चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए जाएंगे। प्रो. रावत के अनुसार प्रत्याशी 13 जुलाई की शाम 05:00 बजे तक ही प्रचार कर सकेंगे।
इसके बाद 15 जुलाई को प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 02:00 बजे तक मतदान होगा। मतदान संपन्न होने के तुरंत बाद मतगणना शुरू कर दी जाएगी और परिणाम आने के बाद विजयी प्रत्याशियों की घोषणा कर उन्हें प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे। नामांकन से लेकर, स्क्रूटनी, मतदान, मतगणना और परिणाम घोषणा तक की सभी प्रक्रियाएं पालीवाल पार्क परिसर स्थित जुबली हॉल में ही संपन्न कराई जाएंगी।
अध्यक्ष सहित पांच पदों के लिए चुनाव
कर्मचारी संघ का कार्यकाल एक साल के लिए होता है, इससे पहले सितंबर 2024 में कर्मचारी संघ के चुनाव हुए थे जिसका कार्यकाल सितंबर 2025 में पूरा हो गया था। करीब 10 महीने बाद चुनाव हो रहे हैं। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री, सह मंत्री और कोषाध्यक्ष के पद के लिए चुनाव होगा।