आगरालीक्स…देखें वीडियो, आगरा के प्रेमनिधि मंदिर में ठाकुर श्याम बिहारी के दर्शन कर भाव—विभोर हुए इन्द्रेश जी महाराज. एकटक निहारते रहे.
बल्केश्वर में चल रही श्रीमद्भागवत महापुराण कथा में सहभागिता के उपरांत प्रख्यात कथा व्यास इन्द्रेश जी महाराज सीधे नाई की मंडी स्थित श्री प्रेम निधि जी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने ठाकुर श्री श्याम बिहारी जी महाराज के दर्शन कर अपनी श्रद्धा अर्पित की। मंदिर में प्रवेश करते ही इन्द्रेश जी महाराज की दृष्टि जैसे ही ठाकुर जी के दिव्य स्वरूप पर पड़ी, उनके मुखमंडल पर सहज मुस्कान खिल उठी। मौन भाव से प्रभु के सम्मुख खड़े होकर उन्होंने नयनाभिराम दर्शन किए। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो भक्त और भगवान के बीच शब्दों से परे आत्मीय संवाद चल रहा हो। उनके भावों में प्रभु के प्रति कृतज्ञता और अनुराग स्पष्ट झलक रहा था, मानो वे कह रहे हों कि "प्रभु, आपने अंततः अपने दर्शन के लिए बुला ही लिया।"इस अवसर पर मंदिर के मुख्य सेवाधिकारी हरिमोहन गोस्वामी ने उन्हें श्री प्रेम निधि जी मंदिर की गौरवशाली परंपरा, इतिहास एवं सेवा-व्यवस्था के बारे में विस्तार से जानकारी दी। मंदिर परिवार की ओर से इन्द्रेश जी महाराज का सम्मान भी किया गया। अंत में सेवाधिकारी सुनीत गोस्वामी ने उन्हें ठाकुर जी का प्रसाद भेंट किया। दर्शन एवं सत्संग के इस आध्यात्मिक वातावरण ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भी भाव-विभोर कर दिया।