आगरालीक्स….आगरा में 26-27 अप्रैल को जीआईसी ग्राउंड में झूलेलाल मेला. सांस्कृतिक कार्यक्रम, आकर्षक झांकियां, लगेंगे झूले. मुंबई के रॉकस्टार के साथ जूनियर बच्चन भी आएंगे
जीआईसी ग्राउंड में 26-27 अप्रैल को चेटीचण्ड महोत्सव के तहत आयोजित होने जा 6वें अन्तर्राष्ट्रीय सिंधी मेले में सिंधीयत का परचम फहरेगा। जहां देश भर से लोग अन्तर्राष्ट्रीय मेले का हिस्सा बनने पहुंचेंगे। मुम्बई से विश्व विख्यात सिंधी रॉक स्टॉर अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे। वहीं सिंधी लोक गीत, नृत्य, तीज त्योहार की भी जानकारी मिलेगी। मेले में सभी समाज के संतों की आकर्षक झांकियों के अलावा माता रानी दरबार, भगवान झूलेलाल का मंदिर, स्वामी लीलाशाह भगवान का मंदिर आकर्षण का केन्द्र रहेगा। जहां स्टॉलों व सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से सिंधी व्यंजनों के साथ महिला शक्ति वंदन कार्यक्रम में सिंधी समाज की महिलाओं के लिए सम्मान समारोह का आयोजन होगा। जय झूलेलाल मेला आयोजन समिति द्वारा आयोजित होने जा रहे झूलेलाल मेला में सिंधी संस्कृति, कला और खान-पान से भी परिचित कराएगा। आयोजन समिति के संरक्षक गिरधारी लाल भक्तयानी ने शाहगंज स्थित सत्तो लाला फूड कोर्ड में आयोजित आमंत्रण पत्र विमोचन कार्यक्रम में जानकारी देते हुए बताया कि मेले का उद्घाटन शाम 6 बजे सोमनाथ धाम के मठाधीश पीर गुरु डॉ. शंकरनाथ योगी करेंगे। मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा मंत्री उप्र योगेन्द्र उपाध्याय होंगे। मेले के लिए लोगों में उत्साह है। मेले हमारी संस्कृति, सभ्यता और संस्कार की धरोहर हैं। लोग अन्य शहरों से अपने रिश्तेदारों को भी मेले में आने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं। मेला संयोजक कमल छाबड़िया ने कहा कि मुम्बई से रॉक स्टॉर कमलेश कपूर, ज्योति मणी और करण खेमानी अपनी सुरमयी आवाज का जादू बिखेरकर मेले में सिंधी भाषा की मिठास घोलेंगी। जूनियर अमिताभ बच्चन भी मेले में अपने अभिनय से दर्शकों व बच्चों को गुदगुदाएंगे। सिंधी समाज के मेधावी विद्यार्थियों का भी सम्मान होगा। 27 अप्रैल को मां-बेटी कैटवॉक में भारतीय व सिंधी संस्कृति, सभ्यता और भाषा को प्रस्तुत किया जाएगा।