आगरालीक्स…आगरा में लेप्रोस्कोपिक विधि से अपेंडिक्स, पित्त की थैली और हर्निया की सर्जरी की गई. सर्जन्स वीक में यूपीएएसआई और एएसए द्वारा लाइव सर्जरी पर हुई वर्कशॉप
एसोसिएशन आफ सर्जन्स आफ आगरा (एएसए) द्वारा आयोजित सर्जन्स वीक के तहत शनिवार को लाइव आपरेटिव वर्कशाप आयोजित की गई। एसोसिएशन आफ सर्जन्स आफ इंडिया यूपी और एएसए द्वारा सिनर्जी प्लस हास्पिटल में आयोजित कार्यशाला में में दूरबीन विधि से अपेंडिक्स, पित्त की थैली और हर्निया की सर्जरी की गई, लाइव सर्जरी का टेलीकास्ट किया गया। लाइव आपरेटिव कार्यशाला में डॉ. मयंक जैन द्वारा अपेंडिक्स की सर्जरी की गई, साथ ही एडवांस लेप्रोस्कोपिक सर्जरी के चार मास्टर वीडियो भी दिखाए गए। डॉ. भुवनेश शर्मा, डॉ. मयंक और डॉ. उत्कर्ष ने पित्त की थैली की सर्जरी की। वहीं, डॉ. जगत पाल द्वारा लैप्रोस्कोपिक इनगुइनल हर्निया रिपेयर (टीएपीपी) और डॉ. सिद्धार्थ धर द्वारा एक्सटेंडेड टोटली एक्स्ट्रापेरिटोनियल रिपेयर किया गया। एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अमित श्रीवास्तव और पूर्व अध्यक्ष डॉ. सुनील शर्मा ने कहा कि अत्याधुनिक तकनीकी से सर्जरी से चिकित्सकों के साथ ही मरीजों को लाभ मिल रहा है, एक दिन बाद ही मरीज अस्पताल से घर पहुंच रहे हैं। इस दौरान डॉ. ज्ञान प्रकाश, डॉ. प्रशांत लवानियां, डॉ. शरद गुप्ता, डॉ. रवि गोयल, डॉ. अराधना सिंह, डॉ. पुनीत श्रीवास्तव, डॉ. रिचा जैमन, डॉ. दिव्या जैन, डॉ. मनीष गोयल आदि मौजूद रहे।