आगरालीक्स…आगरा के मोतीगंज में मंडी लाइसेंस नवीनीकरण में नई शर्तो का विरोध. व्यापारियों ने उठाए कई सवाल..
श्री मोतीगंज खाद्य व्यापार समिति, मोतीगंज ने कृषि उत्पादन मंडी समिति आगरा द्वारा मंडी लाइसेंस नवीनीकरण प्रक्रिया में लागू की गई नई शर्तों पर कड़ा विरोध जताते हुए मंडी सचिव अजय अजय प्रताप सिंह को ज्ञापन सौंपा। समिति के अध्यक्ष महावीर प्रसाद मंगल ने कहा कि मंडी प्रशासन द्वारा व्यापारियों का अनावश्यक उत्पीड़न किया जा रहा है, जिससे व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। ज्ञापन में कहा गया है कि मंडी सचिव, कृषि उत्पादन मंडी समिति आगरा द्वारा जारी नए आदेश के तहत मंडी लाइसेंस के नवीनीकरण के लिए दो व्यक्तियों के गारंटर एवं शपथ पत्र की अनिवार्यता कर दी गई है। समिति ने सवाल उठाया है कि अब तक केवल नए लाइसेंस जारी करते समय ही इस प्रकार की औपचारिकताएं पूरी कराई जाती थीं, जबकि नवीनीकरण के लिए ऐसी कोई व्यवस्था नहीं थी। ऐसे में वर्षों से कारोबार कर रहे व्यापारियों से पुनः गारंटर और शपथ पत्र मांगने का औचित्य स्पष्ट किया जाना चाहिए।व्यापार समिति ने यह भी कहा कि मंडी परिसर में स्थित दुकानों की स्थिति अत्यंत जर्जर और जीर्ण-शीर्ण हो चुकी है। व्यापारियों को मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हैं और पेयजल जैसी आवश्यक व्यवस्था का भी अभाव है। इसके बावजूद प्रत्येक वर्ष दुकानों के किराए में पांच प्रतिशत की वृद्धि की जा रही है, जो न्यायसंगत नहीं है। व्यापारियों का कहना है कि जब सुविधाओं में कोई सुधार नहीं हो रहा है, तब किराया वृद्धि का औचित्य समझ से परे है। ज्ञापन में जीएसटी वसूली का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया है। व्यापारियों का कहना है कि मंडी समिति द्वारा जीएसटी की राशि वसूल की जा रही है, जबकि संबंधित जीएसटी नंबर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। ऐसी स्थिति में व्यापारी इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का लाभ नहीं ले पा रहे हैं और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। समिति ने मांग की है कि यदि जीएसटी वसूला जा रहा है तो मंडी समिति अपना जीएसटी नंबर जारी करे, ताकि व्यापारी नियमानुसार आईटीसी का दावा कर सकें।
श्री मोतीगंज खाद्य व्यापार समिति ने उच्च अधिकारियों से मांग की है कि मंडी लाइसेंस नवीनीकरण की नई शर्तों, किराया वृद्धि तथा जीएसटी वसूली जैसे विषयों पर तत्काल हस्तक्षेप करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। समिति का कहना है कि इससे व्यापारियों का अनावश्यक उत्पीड़न रुकेगा और व्यापारिक वातावरण बेहतर होगा। समिति अध्यक्ष महावीर प्रसाद मंगल ने आशा व्यक्त की कि प्रशासन व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय करेगा। ज्ञापन देने वालों में महामंत्री शैलेंद्र अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्रीनाथ बंसल, मयंक मंगल, अखिलेश गोयल, प्रमोद गुप्ता, पवन कुमार गोयल आदि उपस्थित रहे।