आगरालीक्स …Agra News: आगरा में कल होने वाली नीट यूजी पुनर्परीक्षा के लिए विमानों से प्रश्न पत्र पहुंचे, अर्धसैनिक बलों के जवान बैंकों से प्रश्नपत्रों को केंद्रों तक पहुंचाएंगे। नीट अभ्यर्थियों के ठहरने का इंतजाम यूथ हॉस्टल में किया गया है। रोडवेज बस में आधा किराया लगेगा।
नीट यूजी पुनर्परीक्षा कल यानी 21 जून को आगरा के 20 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इसमें 9688 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। नीट यूजी की पुनर्परीक्षा के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, वायु सेना के विमान से प्रश्नपत्र आगरा पहुंचाए गए हैं। इन्हें एसबीआई के लॉकर में रखा गया है।
अर्धसैनिक बदलों की सुरक्षा के बीच केंद्रों तक पहुंचेंगे पेपर
नीट यूजी पुनर्परीक्षा के पेपर रविवार को जिले में बनाए गए 20 केंद्रों पर अर्धसैनिक बदलों की देखरेख में पहुंचेंगे। परीक्षा होने के बाद प्रश्नपत्रों को डाकघर तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
आज से आने लगेंगे अभ्यर्थी, यूथ हॉस्टल में ठहरने की व्यवस्था
आगरा में आस पास के जिलों के अभ्यर्थियों का भी सेंटर है इसके लिए शनिवार से अभ्यर्थी आने लगेंगे। इनके ठहरने के लिए यूथ हॉस्टल, संजय प्लेस में व्यवस्था की गई है। वहीं, रोडवेज बस में आधा किराया लगेगा।