आगरालीक्स …Agra News: आगरा के डीपीएस में 10 वीं के छात्रों के बीच मारपीट में पंच से छात्र के चार दांत और जबड़ा टूटने पर प्राथिमकी दर्ज न होने पर उठाए सवाल, सीसीटीवी की जांच के साथ ही स्कूल प्रबंधन ने भी जारी किया पत्र। छात्र को तीन महीने तक लिक्विड डाइट पर रहना पड़ेगा। ( Agra Live News: Police send report to Juvenile Justice board in DPS, Agra 10th student’s clash case)
आगरा के डीपीएस में जयपुर हाउस के रहने वाले मोबाइल कारोबारी का बेटा कक्षा 10 वीं का छात्र है। शनिवार की सुबह डीपीएस स्कूल में 10 वीं छात्रों में मारपीट हो गई, इससे मोबाइल कारोबारी के बेटे के चार दांत टूट गए। कारोबारी का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने सुबह 7 बजे फोन कर बताया कि स्कूल आ जाइए, आपके बच्चे के चोट लगी है, कारोबारी मामूली चोट समझते हुए स्कूल पहुंचे तो वहां उनके बेटे के मुंह से खून निकल रहा था और वह अकेला बैठा हुआ था। आरोप है कि करीब एक घंटे तक उनका बेटा दर्द से कराहता रहा स्कूल प्रबंधन ने इलाज नहीं कराया। प्रिंसिपल भी उनसे नहीं मिली।
तीन महीने तक लिक्विड डाइट पर रहेगा बच्चा
कारोबारी ने डीपीएस प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। स्कूल प्रबंधन और उनके बेटे के साथ मारपीट करने वाले छात्र के खिलाफ कार्रवाई न होने पर आक्रोश व्यक्त किया है। छात्र की जबड़े की सर्जरी कारकर चारों दांतों को फिक्स किया गया है 40 से 60 प्रतिशत उम्मीद है कि दांत फिक्स हो जाएं लेकिन करीब तीन महीने तक बच्चे को लिक्विड डाइट पर रहना पड़ेगा।
स्कूल प्रबंधन ने जारी किया पत्र
इस पूरे प्रकरण में मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, स्कूल प्रबंधन द्वारा पत्र जारी किया गया है। इस पत्र में कहा गया है कि दो छात्रों के बीच विवाद हुआ था, घायल छात्र ने दूसरे छात्र पर टिप्पणी की थी, इसके बाद मारपीट हुई। एक छात्र के मुंह और दूसरे के हाथ में चोट आई है, स्कूल के डॉक्टर द्वारा प्राथिमक उपचार किया गया, इसका सीसीटीवी भी उपलब्ध है। यह पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
किशोर न्याय बोर्ड को भेजी जाएगी रिपोर्ट
आईपीएस सैय्यद अली अब्बास का मीडिया से कहना है कि आरोपी का कोई पुराना आपराधिक इतिहास नहीं है। झगड़ा सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, इसमें दोनों के बीच विवाद की पुष्टि हुई है, दोनों नाबालिग हैं, गाइडलाइन के मुताबिक, पूरे मामले की रिपोर्ट तैयार की जा रही है, इसके बाद किशोर न्याय बोर्ड को दी जाएगी। बोर्ड के दिशा निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। छात्र के पिता ने जो आरोप लगाए हैं उसकी भी जांच की जाएगी।