आगरालीक्स…आगरा के दयालबाग वीर नगर में एक्सीडेंट. कार ने खोखे में बैठे मासूम बच्चों को लिया चपेट में. छह साल के बच्चे की मौत, 5 साल की मासूम बहन की हालत गंभीर
आगरा के थाना न्यू आगरा अंतर्गत वीर नगर में दर्दनाक एक्सीडेंट हुआ है. शुक्रवार दोपहर एक कार ने खोखे को चपेट में ले लिया. खोखे पर दो मासूम बच्चे अपनी नानी के साथ बैठै हुए थे. कार की टक्कर से 6 साल के बच्चे प्रदीप की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसकी पांच साल की बहन स्नेहा गंभीर रूप से घायल हुई हे. हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई.वीर नगर में छोटू अपने परिवार के साथ ससुराल में रहते हैं. कोने पर पुलिया के पास इनके ससुर खोखा चलाते हैं. दोपहर को छोटू के ससुर खाना खाने घर गए थे और यहां छोटू की सास बैठी थी. इनके साथ छोटू के दो बच्चे छह साल का प्रदीप और पांच साल की स्नेहा भी अपनी नानी के साथ थे..दोपहर करीब डेढ़ बजे वीर नगर में रहने वाला एक युवक राहुल कार लेकर आया. कार की स्पीड अधिक थी और उसने अनियंत्रित होकर खोखे में जोरदार टक्कर दे मारी. कार की चपेट में नानी और दोनों बच्चे आ गए. हादसे में प्रदीप की मौके पर ही मौत हो गई और स्नेहा गंभीर रूप से घायल हो गई. नानी के भी चोटें आई हैं. हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके से भाग गया. गुस्साए लोगों ने हंगामा किया और घायल बच्ची को अस्पताल में भेजा है जहां उसका इलाज चल रहा है.
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच की. पुलिस ने आरोपी युवक राहुल को अरेस्ट कर लिया है. हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया. परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है.