आगरालीक्स…आगरा में दिव्यांगजनों के लिए लगेंगे विशेष उपकरण वितरण शिविर. 24 अप्रैल से 20 मई तक जिले के विभिन्न विकास खंडों में लगेंगे शिविर.
योगी सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण और उन्हें सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। इसी क्रम में आगरा जनपद में पात्र दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है। जनपद के विभिन्न विकास खंडों में 24 अप्रैल से विशेष उपकरण वितरण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य उन दिव्यांगजनों को प्राथमिकता के आधार पर लाभान्वित करना है, जिन्हें पिछले तीन वर्षों में किसी भी प्रकार का कृत्रिम अंग या सहायक उपकरण प्राप्त नहीं हुआ है।ब्लॉक स्तर पर आयोजित होंगे शिविर
यह विशेष शिविर 24 अप्रैल से प्रारंभ होकर 20 मई तक चलेंगे। इसका आयोजन जनपद के पिनाहट, फतेहाबाद, शमशाबाद, खैरागढ़, जगनेर, सैंया, फतेहपुर सीकरी, अछनेरा, एत्मादपुर, खंदौली, बरौली अहीर, बिचपुरी एवं अकोला विकास खंडों में किया जाएगा। अभियान का अंतिम शिविर राजकीय संस्कृत विद्यालय परिसर, विजय नगर कॉलोनी, आगरा में लगाया जाएगा। सभी शिविरों का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक निर्धारित किया गया है, ताकि दिव्यांगजन बिना किसी परेशानी के पहुंच सकें।
पंजीकरण के लिए आवश्यक दस्तावेज
योजना का लाभ उठाने के लिए इच्छुक दिव्यांगजनों को अपने संबंधित विकास खंड परिसर में निर्धारित तिथि और समय पर उपस्थित होकर अपना पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण के लिए लाभार्थियों को अपने साथ आधार कार्ड, दिव्यांगता प्रमाणपत्र, दो पासपोर्ट साइज फोटो और आय प्रमाण पत्र (गरीबी रेखा से नीचे होने का प्रमाण अथवा ग्राम प्रधान द्वारा प्रमाणित) लाना अनिवार्य है। सभी दस्तावेजों के साथ आने पर ही उपकरणों का लाभ मिल सकेगा।