आगरालीक्स…आगरा से सटे टूंडला में रिफाइंड से बन रहा था नकली घी. आगरा में भी सप्लाई. एफएसडीए ने 34 टीन घी किया जब्त. एफआईआर की तैयारी
आगरा से सटे टूंडला में रिफाइंड से नकली घी तैयार किया जा रहा था. खाद्य सुरक्षा एंव औषधि प्रशासन की ओर से शनिवार शाम को चूल्हावली रोड स्थित एक प्रतिष्ठान पर मारे गए छापे में इसका खुलासा हुआ है. टीम ने यहां रिफाइंड तेल और विभिन्न प्रकार के एसेंस से तैयार संदिग्ध घी पकड़ा है. मौके से 5.40 लाख रुपये की कीमत के 34 टीन घी जब्त कर सीज किए गए हैं. आरोपी कारोबारी के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है. सहायक आयुक्त खाद्य चंदन पांडे के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की. छापेमारी के दौरान टूंडला के मस्जिद रोड में रहने वाले विवेक गुप्ता के प्रतिष्ठान पर घी का निर्माण कार्य चलते हुए मिला. टीम ने जांच में पाया कि रिफाइंट तेल और विभिन्न एसेंस से घी तैयार किया जा रहा था. पूछताछ में कारोबारी ने बताया कि तैयार उत्पाद खाने के लिए नहीं है और इसका उपयोग अन्य कार्यों में किया जाता है. हालांकि जांच में सामने आया है कि तैयार माल की आपूर्ति आगरा सहित बुंदेलखंड और मध्य प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में की जाती थी. टभ्म ने जब्त माल के साथ ही नमूनों को विशेष वाहक के माध्यम से त्वरित जांच के लिए लैब भेजा है.