आगरालीक्स …Agra News: आगरा के कमला नगर जी ब्लॉक से होकर बस निकालने से लोग परेशान, लगाए जाएं गर्डर, अभियान चलाकर अनधिकृत पाई गईं 39 बसों में से 15 को सीज किया और 24 के चालान।
आगरा के कमला नगर जी ब्लॉक सुधार समिति ने बैठक कर कहा कि वाटरवक्र्स पर बसों की रोक के चलते जी ब्लॉक के अंदर से होकर बसों को निकाला जा रहा है, कॉलोनी की सड़क पर जाम लग रहा है और हादसे की भी आशंका है। ऐसे में जी ब्लॉक पर गर्डर लगाए जाएं जिससे बस अंदर ना आ सके। अध्यक्ष राजीव वर्मा सहित अन्य ने इस मामले में पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। ( Agra Live News: Stop entry of Bus in Kamla Nagar G Block, 15 bus seize, 24 Challan)
15 बसों को किया गया सीज
परिवहन विभाग द्वारा अखिल भारतीय पर्यटक परमिट से बसों द्वारा नियम विरुद्ध संचालन, विशेषकर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से सीटवार बुकिंग कराकर स्टेज कैरिज के रूप में यात्रियों का परिवहन किए जाने के विरुद्ध विशेष प्रवर्तन एवं चेकिंग अभियान यमुना एक्सप्रेस-वे एवं आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे परिवहन विभाग एवं परिवहन निगम की 06 टीमों द्वारा अखिलेश द्विवेदी, आरटीओ(प्रवर्तन), आगरा एवं बीपी अग्रवाल, क्षेत्रीय प्रबन्धक, आगरा के निर्देशन में आलोक कुमार, श्री विनय कुमार सिंह व अजय कुमार गुप्ता, एआरटीओ(प्रवर्तन) व आभा त्रिपाठी, विकास अस्थाना, विजय किशोर आनन्द, पीटीओ, आगरा द्वारा एआरएम के साथ संयुक्त रूप से चलाया गया।
अभियान के अंतर्गत परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीमों द्वारा जनपद आगरा के विभिन्न प्रमुख मार्गों, प्रवेश एवं निकास मार्गों तथा यात्री वाहनों के आवागमन वाले क्षेत्रों में सघन निरीक्षण किया गया। चेकिंग के दौरान बसों के परमिट, पंजीयन प्रमाण पत्र, फिटनेस प्रमाण पत्र, बीमा, कर भुगतान, चालक के लाइसेंस एवं अन्य आवश्यक अभिलेखों की जांच की गई।
जांच के दौरान यह भी देखा गया कि अखिल भारतीय पर्यटक परमिट (AITP) से संचालित बसों द्वारा ऑनलाइन बुकिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से सीटवार टिकट जारी कर यात्रियों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक नियमित यात्री सेवा की भांति परिवहन तो नहीं किया जा रहा है। ऐसे मामलों में जहां परमिट की शर्तों का उल्लंघन पाया गया, वहां नियमानुसार चालान एवं अन्य प्रवर्तनात्मक कार्यवाही की गई। अनधिकृत पाई गईं 39 बसों में 15 को सीज़ तथा 24 का चालान किया गया.