आगरालीक्स…आगरा में डीएम के सख्त आदेश-बरसात से पहले हर हाल में हो सीवर परिजयोजनाओं का काम. नगला बूढ़ी एसटीपी, जगनपुर एसटीपी और फतेहाबाद सीवेज लाइन का किया निरीक्षण…लीकेज टेस्टिंग के दिए कड़े निर्देश
आगरा में बरसात के दौरान जलभराव हो जाता है. शहर में चल रहे सीवर लाइन डालने के काम के कारण हादसा भी बना रहता है. ऐसे में मंगलवार को डीएम मनीष बंसल ने नगला बूढ़ी स्थित एसटीपी/एमपीएस तथा एसटीपी जगनपुर, दयालबाग तथा फतेहाबाद रोड पर सीवेज लाइन के कार्य का भौतिक निरीक्षण किया. जिलाधिकारी ने सबसे पहले नगला बूढ़ी के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) एवं सीवेज पंपिंग स्टेशन का निरीक्षण किया. जिलाधिकारी ने सीवेज निस्तारण,पानी की गुणवत्ता सुधार,प्लांट की कार्यप्रणाली और स्वच्छता व्यवस्था का गहन अवलोकन किया, तथा आनंदी भैरों नाला का निरीक्षण किया. जिसमें बताया गया कि उक्त पंपिंग स्टेशन 31 एमएलडी क्षमता का है 05 पंप इस हेतु स्थापित हैं,जिसमें 9 से 10 एमएलडी पानी की पंपिंग की जा रही है. उन्होंने संबंधित को निर्देश दिए कि अपशिष्ट सामग्री का निस्तारण नियमानुसार हो ताकि प्लांट के समुचित संचालन के साथ पर्यावरण प्रदूषण न हो.
इसके बाद जिलाधिकारी एसटीपी जगनपुर, दयालबाग पहुंच कर ट्रीटमेंट प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी ली. उन्होंने निर्देश दिए कि प्लांट का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप हो। साथ ही नियमित मॉनिटरिंग की जाए ताकि तकनीकी खराबी का तत्काल समाधान हो सके. जिलाधिकारी ने मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी सेंटर का भी निरीक्षण किया. वहां प्लास्टिक और अन्य ठोस अपशिष्ट के पृथक्करण की प्रक्रिया का निरीक्षण किया जिलाधिकारी ने स्वयं अपने समक्ष शोधित पानी की ऑटोमैटिक एनालाइजर मशीन से बीओडी की जांच कराई तथा रॉ सीवेज व ट्रीटमेंट सीवेज, बैक्टीरिया आदि संबंधी जानकारी ली. निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्लांट की कार्यप्रणाली, साफ-सफाई व्यवस्था तथा सीवेज एवं फीकल स्लज के निस्तारण संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपचारित जल की गुणवत्ता, मशीनों के संचालन एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं प्रभावी ढंग से संचालित की जाएं. जिलाधिकारी ने फतेहाबाद रोड स्थित चल रहे सीवर लाइन कार्यों का भी निरीक्षण किया तथा संबंधित को सीवेज पाइप लाइन की लीकेज की टेस्टिंग पर विशेष फोकस करने, आगामी बर्षात के मौसम के दृष्टिगत कार्य में तेजी लाने, गुणवत्तापूर्ण रोड रीस्टोर करने के कड़े निर्देश दिए. इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे जुबेर बेग, अधिशासी अभियंता जलनिगम ग्रामीण आरपी सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.