आगरालीक्स…आगरा के खाटू श्याम मंदिर में हुआ सुंदरकांड पाठ. मनोहरी फूल बंगला में सजा श्याम बाबा का दरबार. स्वर्ण श्रृंगार दर्शन ने मोहा मन
पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास से परिपूर्ण संगीतमय सुंदरकांड पाठ का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर को आकर्षक पुष्प सज्जा से सजाया गया तथा श्रद्धालुओं ने श्याम बाबा के मनोहारी फूल बंगला एवं स्वर्ण श्रृंगार दर्शन का लाभ प्राप्त कर स्वयं को धन्य महसूस किया। कार्यक्रम की विशेष आकर्षण भगवान हनुमान जी का पंचमुख स्वरूप झांकी रही, जिसे अत्यंत भव्य एवं अलौकिक रूप से सजाया गया था। पंचमुख हनुमान जी की झांकी के दिव्य दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।सुंदरकांड पाठ का संगीतमय वाचन समाजसेवी कुलभूषण गुप्ता ‘राम भाई’ द्वारा किया गया। उनके मधुर, भावपूर्ण एवं ओजस्वी कंठ से प्रस्तुत चौपाइयों और दोहों ने वातावरण को राममय बना दिया। पाठ के मध्य-मध्य में उन्होंने श्रीराम एवं श्याम बाबा के भजनों की प्रस्तुति भी दी, जिस पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे। नृत्य, संगीत और भक्ति के अद्भुत समन्वय ने पूरे मंदिर परिसर को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। पाठ के दौरान श्रद्धालुओं ने एकाग्र भाव से श्रीरामचरितमानस के सुंदरकांड का श्रवण किया तथा हनुमान जी और श्याम बाबा के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से प्रभु स्मरण कर सुख, समृद्धि एवं विश्व कल्याण की प्रार्थना की।
श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि पुरुषोत्तम मास को सनातन धर्म में अत्यंत पुण्यदायी एवं विशेष फलदायी माना गया है। इस मास में किए गए जप, तप, दान, भजन और धार्मिक आयोजनों का अनेक गुना फल प्राप्त होता है। इसी भावना के साथ मंदिर में सुंदरकांड पाठ, विशेष श्रृंगार एवं आराधना का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के समापन पर श्याम बाबा एवं हनुमान जी की भव्य महाआरती संपन्न हुई। आरती के पश्चात सभी श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई। देर रात तक भक्तगण भजन-कीर्तन और दर्शन का आनंद लेते रहे। इस अवसर पर हेमेंद्र अग्रवाल, संजय अग्रवाल, अनूप गोयल, विकास बंसल, विपिन गोयल आदि उपस्थित रहे।