आगरालीक्स…रीवा में पैदल विहार कर रहीं दो जैन साध्वियों की कार एक्सीडेंट में मौत. आगरा जैन समाज ने दी विनयांजलि. कल निकलेगी विराट आक्रोश रैली
मध्यप्रदेश के रीवा में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे जैन समाज को झकझोर कर रख दिया है. बीते बुधवार को रीवा में पैदल विहार कर रहीं तीन जैन साध्वियों को एक तेज कार ने कुचल दिया. हादसे में दो साध्वियों पूज्य श्रुति मति माता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया तो वहीं उपसमिति माता का इलाज के दौरान निधन हो गया. वहीं तीसरी साध्वी आर्यिका माता की हालत नाजुक बनी हुई है.आगरा में दी गई विनयांजलि
इस घटना से जैन समाज गहरे शोक और आक्रोश में है. आचार्यश्री विद्यासागर जी महाराज की पावन परंपरा की आर्यिका माताजी के साथ हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे देश के श्रद्धालुओं की भावनाओं को झकझोर दिया है. इसी घटना के विरोध में आगरा का जैन समाज अब संत सुरक्षा और न्याय की मांग को लेकर एकजुट हो गया है. रविवार सायंकाल आचार्यश्री निर्भय सागर जी महाराज एवं निर्यापक मुनिश्री शिवदत्त सागर जी महाराज ससंघ के सानिध्य में श्री चन्द्रप्रभु दिगम्बर जैन मंदिर ट्रांसयमुना कॉलोनी में भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा एवं मौन विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। माजजनों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर मौन जुलूस निकाला तथा आर्यिका द्वय के प्रति विनयांजलि अर्पित की. वातावरण पूरी तरह श्रद्धा वेदना और संत सुरक्षा के संकल्प से ओतप्रोत दिखाई दिया. समाजजनों ने बताया कि यह घटना केवल जैन समाज ही नहीं बल्कि पूरे मानव समाज को झकझोर देने वाली है. पूज्य आर्यिका माताजी जो आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज की महान परंपरा की साध्वी थीं, उनके साथ हुई यह घटना अत्यंत दु:खद एवं निंदनीय है.
इस घटना के विरोध में समाज अब शांतिपूर्ण लेकिन प्रभावशाली तरीके से अपनी आवाज बुलंद करेगा. इसी क्रम में सोमवार को सुबह 6 बजे ट्रांसयमुना कॉलोनी से वाटरवर्क्स तक विशाल आक्रोश रैली निकाली जाएगी. आचार्य श्री निर्भय सागर जी महाराज ससंघ के सानिध्य में आयोजित होने वाली इस रैली में बड़ी संख्या में समाजबंधुओं के शामिल होने की संभावना है. रैली के लिए पुरुषों हेतु सफेद वस्त्र तथा महिलाओं हेतु केशरिया साड़ी का ड्रेस कोड निर्धारित किया गया है. रैली के उपरांत प्रातः10:30 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा. वहीं संध्याकाल कमलानगर में आयोजित जिज्ञासा समाधान कार्यक्रम में श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर दिवंगत आर्यिका माताजीओं को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी.