आगरालीक्स…आगरा में बैंडबाजों संग बारात लेकर तुलसा जी को ब्याहने पहुंचे श्रीमथुराधीश जी महाराज. प्राचीन पुष्टिमार्गीय श्रीठाकुर मथुराधीश जी महाराज के मंदिर में भक्तिभाव से हुआ मथुराधीश का विवाह उत्सव
गर्भ गृह से निकलकर दूल्हा बने श्रीमथुराधीश जी महाराज बैंडबाजों संग तुलसा जी को ब्याहने पहुंचे तो हर तरफ हरि नारायण के जयकारे गूंजने लगे। दूल्हे संग बारातियों का स्वागत पुष्प वर्षा व तिलक कर किया गया। वहीं दुल्हन बनी तुलसा जी ने जब ठाकुर मथुराधीश संग सात फेरे लिए तो मंगल गीत की स्वरलहरियां मंदिर परिसर में ढोलक और मंजीरों संग बिखर गईं। पुरुषोत्तम मास में यमुना किनारा स्थित प्राचीन पुष्टिमार्गीय श्रीठाकुर मथुराधीश जी महाराज के मंदिर में भक्ति भाव के साथ श्रीठाकुर मथुराधीश जी महाराज व तुलसा जी का विवाह उत्सव सम्पन्न हुआ। मंदिर परिसर देश के विभिन्न राज्यों से मंगाए गए सतरंगी फूलों, रंग-बिरंगी झालरों और आकर्षक विद्युत सज्जा की गई। विवाह उत्सव की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार, भजन-कीर्तन और विशेष पूजन-अर्चन से हुई। इसके पश्चात मथुराधीश जी महाराज की भव्य बारात निकाली गई, जिसमें भक्तगण नृत्य करते एवं जयकारे लगाते हुए शामिल हुए। बारात के मंदिर परिसर पहुंचने पर पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार बारात का स्वागत किया गया। विवाह मंडप में आचार्यों द्वारा विधिवत वैदिक मंत्रों साथ विवाह संस्कार संपन्न कराया गया। समारोह में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर स्वयं को धन्य महसूस किया। विवाह के दौरान “राधे-राधे” और “जय श्रीकृष्ण” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। इस अवसर पर मुख्य रूप से मंदिर के महन्त नन्दन श्रोत्रिय, जुगल श्रोत्रिय, वर पक्ष से संजीव अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, उत्कर्ष अभिनव, गौरांग अग्रवाल और वधु पक्षः तपस्या शर्मा, विशाखा श्रोत्रिय, आव्या, ओजस्वी भारद्वाज, संजू भारद्वाज, पल्लवी, शशि, मंजरी, अपाला आदि उपस्थित थीं।