आगरालीक्स…आगरा के जवाहरपुल पर पहुंचा प्रेमी जोड़ा. इधर—उधर देखा और हाथ पकड़कर यमुना में लगा दी छलांग. युवक—युवती को यमुना में कूदते देख मच गया हड़कंप…
आगरा में हाइवे पर जवाहरपुल पर एक युवक और युवती ने हाथ पकड़कर यमुना में छलांग लगा दी. गुरुवार शाम को दोनों जवाहरपुल पर पहुंचे. दोनों ने एक दूसरे का हाथ पकड़ रखा था. थोड़ी देर रेलिंग के पास खड़े रहे. इधर—उधर देखा और फिर रेलिंग पार करके एक दूसरे का हाथ पकड़कर यमुना में छलांग लगा दी. युवक—युवती को यमुना में कूदता देख वहां से गुजर रहे लोगों में हड़कंप मच गया और शोर मचाना शुरू कर दिया.गोताखोरों ने बचाई जान
नदी में गिरने के बाद युवक और युवती डूबने लगे. इधर पुल से उठे शोर को सुनकर यमुना किनारे बैठे गोताखोर सक्रिय हो गए. उन्होंने बिना समय गंवाए नदी में छलांग लगा दी और काफी मशक्कत के बाद दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. समय रहते गोताखोरों के प्रयास से एक बड़ा हादसा टल गया और दोनों की जान बच गई.
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने दोनों युवक युवती को अपने संरक्षण में लिया और थाने ले आई. पुलिस के अनुसार परिजनों ने युवती की एक दिन पहले ही ट्रांस यमुना थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी. वहीं युवक खंदौली का रहने वाला बताया गया है. प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की जानकारी समाने आई है. युवती के शादीशुदा होने की बात कही जा रही है. पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है.