आगरालीक्स…आगरा में घर के अंदर मिली नकली शराब की फैक्ट्री. देशी शराब में केमिकल मिलाकर बनाई जा रही थी अंग्रेजी शराब. चार अरेस्ट.. 74 पेटी नकली शराब बरामद. स्कॉर्पियों से हो रही थी सप्लाई
आगरा के थाना कागारौल क्षेत्र में एक व्यक्ति ने घर के अंदर ही नकली शराब की फैक्ट्री डाल रखी थी. कागारौल पुलिस ने सर्विलांस, इंटेलीजेंस टीम और आबकारी विभाग की टीम के साथ इस नकली अंग्रेजी शराब के बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने चार लोगों को अरेस्ट किया है. पुलिस ने इनके कब्जे से 74 पेटी शराब बरामद की है,जिसमें इम्पीरियल ब्लू मार्का के 3552 क्वाार्टर शामिल हैं. इस शराब की अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये के आसपास बताई जा रही है. इसके अलावा 50 लीटर स्प्रिट, बड़ी संख्या में खाली शीशियां, रैपर, ढक्कन और एक काली स्कॉर्पियो कार जब्त की गई है.

अपर पुलिस आयुक्त आदित्य कुमार ने बताया कि 27 जनवरी को थाना कागारौल पुलिस टीम के साथ गश्त कर रही थी. मुखबिर से सूचना मिली कि लालऊ पुल, अकोला के पास एक बिना नंबर की काली स्कॉर्पियो में नकली शराब को आसपास के क्षेत्रां में सप्लाई के लिए ले जाया जा रहा है. सूचना पर पुलिस ने श्री राधारानी रेजिडेंसी के पास तिराहे से तीन लोगों नरेश, उम्मेद और प्रशांत को अरेस्ट कर लिया. इन तीनों से पूछताछ के बाद सत्यप्रकाश को भी अरेस्ट किया है.
देशी शराब से बनाते थे अंग्रेजी शराब
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वह केमिकल युक्त देशी शराब को अंग्रेजी शराब का रूप देकर उस पर फर्जी स्टीकर व रैपर लगाकर बेचते थे. यह अवैध शराब अकोला में खेतों के पास बने गोदाम में तैयार की जाती थी. पुलिस ने बताया कि इस पूरे हवैध कारोबार में उनके साथ अन्य लोग भी शामिल हैं जिनकी तलाश की जा रही है. इनमें कृश्णा निवासी नगला कमला खेरागढ़, शिवशंकर पुत्र सत्यप्रकाश, सौरभ पुत्र सत्यप्रकाश निवासी अकोला तथा धर्मवीर निवासी पलवल हरियाणा है.