आगरालीक्स…आगरा कॉलेज में रोजगार मेला 5 फरवरी को. 40 से अधिक कंपनियां आएंगी, असिस्टेंट मैनेजर, ब्रांच मैनेजर, टेली कॉलर, कंप्यूटर ऑपरेटर सहित 3000 पदों के लिए होंगी भर्ती…जानिए प्रक्रिया
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, आगरा एवं आगरा कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान 5 फरवरी को एक दिवसीय, निःशुल्क, मंडल स्तरीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन नवनिर्मित आचार्य गंगाधर शास्त्री मंडपम परिसर में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। आगरा रोजगार मेला आयोजित होने के अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर सीके गौतम ने कहा— “आगरा कॉलेज का निरंतर प्रयास है कि शिक्षा को रोजगार से जोड़ा जाए। यह वृहद रोजगार मेला हमारे युवाओं के लिए केवल एक अवसर नहीं, बल्कि उनके भविष्य की ठोस शुरुआत है। हम चाहते हैं कि छात्र-छात्राएँ आत्मविश्वास, समुचित तैयारी और आवश्यक कौशल के साथ सीधे नियोजकों से संवाद करें तथा अपनी प्रतिभा के अनुरूप रोजगार प्राप्त करें। कॉलेज प्रशासन द्वारा इस आयोजन की समस्त तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं और हमें विश्वास है कि यह मेला युवाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाएगा।”40 से अधिक कंपनियां आएंगी
इस रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की 40 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियाँ/नियोजक प्रतिभाग करेंगे। इनके द्वारा 3000 से अधिक रिक्त पदों पर सीधे साक्षात्कार एवं परीक्षा के माध्यम से चयन प्रक्रिया संपन्न की जाएगी। यह मेला क्षेत्रीय युवाओं के लिए रोजगार के वास्तविक एवं त्वरित अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
मेले में असिस्टेंट मैनेजर, ब्रांच मैनेजर, टेली कॉलर, कंप्यूटर ऑपरेटर, सिक्योरिटी गार्ड, ड्राइवर, कस्टमर सर्विस एसोसिएट, एच.आर., स्टोर इंचार्ज, सुपरवाइजर, पिकर-पैकर सहित विभिन्न पदों के लिए चयन किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को आगरा, दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा, गुरुग्राम, अहमदाबाद, जयपुर सहित विभिन्न औद्योगिक शहरों एवं क्षेत्रों में रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे, जिससे स्थानीय एवं बाह्य—दोनों स्तरों पर रोजगार की संभावनाएँ सुदृढ़ होंगी।
इस रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक, आई.टी.आई., पॉलिटेक्निक, बी.टेक, बी.सी.ए., एम.सी.ए. उत्तीर्ण 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। प्रतिभागी अपने साथ अद्यतन बायोडाटा (रिज़्यूमे), पासपोर्ट साइज फोटो तथा शैक्षिक योग्यता प्रमाण-पत्रों की छायाप्रतियाँ अनिवार्य रूप से लेकर उपस्थित हों।