आगरालीक्स…आगरा में आस्ट्रेलियन महिला टूरिस्ट मेट्रो में भूली अपना पर्स. पासपोर्ट, कैश सहित जरूरी दस्तावेज थे…वापस सुरक्षित मिला तो खिला चेहरा..
उत्तर प्रदेश मेट्रो का लॉस्ट एंड फाउंड सेल एक बार फिर यात्रियों के लिए भरोसेमंद और सहायक साबित हुआ है। मेट्रो कर्मियों की सतर्कता, ईमानदारी एवं निर्धारित प्रक्रिया के पालन से एक विदेशी महिला यात्री का खोया हुआ पर्स सुरक्षित रूप से उन्हें वापस सौंपा गया। रविवार को सुबह लगभग 8 बजे ताजमहल मेट्रो स्टेशन पर जांच के दौरान सुरक्षाकर्मियों को बैग स्कैनिंग मशीन के पास एक पर्स प्राप्त हुआ। इस पर्स में ₹4000/- एवं ऑस्ट्रेलियन महिला का पासपोर्ट मौजूद था। मेट्रो कर्मियों द्वारा नियमानुसार आवश्यक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद यह पर्स संबंधित यात्री को सुरक्षित रूप से लौटा दिया गया। पर्स प्राप्त करने वाली यात्री का नाम राशेल मैकेंजी है, जोकि ऑस्ट्रेलिया की हैं। बता दें कि ऑस्ट्रेलियन महिला ने पर्स और जरूरी दस्तावेज वापस मिलने पर मेट्रो कर्मियों का आभार जताया एवं उनकी कर्तव्यनिष्ठा को सराहा। यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने इस अवसर पर कहा, "मुझे अपनी टीम पर गर्व है जो हर संभव तरीके से जनता की सेवा करने के लिए समर्पित है।" उन्होंने दोहराया कि मेट्रो के लॉस्ट एंड फाउंड सेल की ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा ने यात्रियों का भरोसा जीता है और यह अन्य किसी भी पब्लिक ट्रांसपोर्ट के मुकाबले ज्यादा सुरक्षित, आरामदायक एवं सुविधाजनक है।