आगरालीक्स…आगरा में महिला पशु प्रेमी (फीडर) के साथ दुर्व्यवहार. पुलिस में की गई शिकायत. दोषियों पर कार्रवाई की मांग
मंगलम आधार, शास्त्रीपुरम में 5 फरवरी को एक महिला पशु प्रेमी (फीडर) के साथ आवारा कुत्तों को भोजन कराने के दौरान अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज एवं मानसिक उत्पीड़न की घटना सामने आई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी प्रसारित हुआ है। इस अवसर पर मौके पर पहुंची 112 पुलिस टीम द्वारा भी कोई प्रभावी सहयोग नहीं किया गया, जिससे पीड़िता को निराशा का सामना करना पड़ा। संबंधित क्षेत्र के सभी आवारा कुत्ते नसबंदी एवं टीकाकरण के अंतर्गत आते हैं। इसके बावजूद कॉलोनी के कुछ निवासियों द्वारा क्षेत्र को “डॉग फ्री कॉलोनी” बनाने का प्रयास किया जा रहा है, जो कि कानूनन अवैध है। किसी भी स्थिति में आवारा कुत्तों को जबरन हटाया या स्थानांतरित नहीं किया जा सकता, न ही किसी महिला फीडर को भोजन कराने से रोका जा सकता है। घटना के माध्यम से ABC नियम 2023 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 के स्पष्ट उल्लंघन की पुष्टि होती है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए, People For Animals, आगरा द्वारा थाना प्रभारी, सिकंदरा को औपचारिक शिकायत पत्र प्रेषित किया गया है, जिसमें दोषियों के विरुद्ध निवारक एवं कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। संस्था की संस्थापक ऋचा गुप्ता द्वारा सभी फीडर्स के साथ थाना सिकंदरा के SHO से मिलकर ज्ञापन सौंपा गया तथा निष्पक्ष जांच की मांग की गई। मांग की गई कि इस गंभीर प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए तथा शहर में बढ़ रही पशु क्रूरता की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जाए।