आगरालीक्स…अच्छी खबर, आगरा को जुलाई 2026 में मिलेगी सिविल एयरपोर्ट की सौगात. कई शहरों के लिए डायरेक्ट फ्लाइट होंगी शुरू. डीएम ने देखी व्यवस्थाएं, जानिए क्या—क्या मिलेंगी सुविधाएं
आगरा के लिए अच्छी खबर आई है. आगरा में निर्माणधीन सिविल एयरपोर्ट की सौगात जुलाई 2026 में मिल सकती है. जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने गुरुवार को सिविल एन्क्लेव का निरीक्षण किया और जुलाई 2026 तक काम पूरा करने के निर्देश दिए. सिविल एयरपोर्ट के साथ ही आगरा से कई और महानगरों के लिए डायरेक्ट फ्लाइट की शुरुआत मिल सकती है. आगरा से फिलहाल अहमदाबाद, मुंबई, बंगलोर और हैदराबाद के लिए डायरेक्ट फ्लाइट संचालित है लेकिन सिविल एयरपोर्ट के मिलने के बाद कई महानगरों जैसे वाराणसी, कोलकाता, गोवा, अमृतसर, देहरादून, रांची के लिए भी सीधी विमान सेवा मिल सकती है.
डीएम ने किया निरीक्षण, दिए निर्देश
जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने निर्माणाधीन सिविल टर्मिनल धनौली का निरीक्षण किया। निरीक्षण में अनूप चन्द्र श्रीवास्तव, महाप्रबंधक (अभि.)/प्रोजेक्ट प्रभारी ने जिलाधिकारी को न्यू सिविल एन्क्लेव का विवरण एवं निर्माण कार्य प्रगति से अवगत कराते हुए बताया कि प्रोजेक्ट का कार्य पूर्ण होने वाला है तथा दी गई समय सीमा में निर्माण कार्यों को पूर्ण कर लिया जाएगा. जिलाधिकारी ने प्रोजेक्ट की कार्य प्रगति की जानकारी लेते हुए प्रोजेक्ट को समयबद्ध रूप से जुलाई 2026 तक पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए. जिलाधिकारी ने सिविल टर्मिनल में पेयजल की उपलब्धता, ड्रेनेज व्यवस्था, जल निकास आदि हेतु संबंधित को निर्देशित किया.
सिविल एयरपोर्ट में 1400 यात्रियों की क्षमता युक्त वातानुकूलित टर्मिनल भवन के साथ,मल्टी-लेवल कार पार्किंग,19 यात्री चेक-इन सुविधा काउंटर्स स्थापित होंगे, यात्री टर्मिनल भवन में यात्रियों के लिए डिजी यात्रा और सेल्फ चेक-इन सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी तथा 09 विमानों की पार्किंग क्षमता वाला एप्रन होगा, पर्यावरण अनुकूल ग्रीन बिल्डिंग का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें हरित ऊर्जा उत्पादन हेतु 500 किलो वॉट क्षमता वाला सोलर पावर प्लांट भी स्थापित किया जाएगा, यात्रियों की सुविधा हेतु इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग हेतु 33 चार्जिंग पॉइंटस भी बनाया जायेगा. टर्मिनल भवन से एयरक्राफ्ट में सीधे प्रवेश हेतु यात्री बोर्डिंग सुविधा भी होगी.