आगरालीक्स…आगरा में 18 दिन बाद कल से खुलेंगे स्कूल. पेरेंट्स के पास आने लगे मैसेज. बच्चे बोल रहे—अभी तो ठंड बहुत है…जानें आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम
29 दिसंबर 2025 से बंद स्कूल कल यानी 16 जनवरी से खुलने जा रहे हैं. शीतकालीन अवकाश और अत्यधिक गलन के कारण स्कूल अभी तक बंद थे. 14 जनवरी तक कई स्कूलों में विंटर वैकेशन रहा, लेकिन 15 जनवरी को यूपी सरकार की ओर से मकर संक्रांति का अवकाश घोषित किया गया था. ऐसे में कल शुक्रवार 16 जनवरी से स्कूल खुल रहे हैं. स्कूलों की ओर से पेरेंट्स के पास मैसेज भी आना शुरू हो गए हैं.
सुबह 10 बजे से ही टाइमिंग
ठंड को देखते हुए अभी अधिकतर स्कूलों का समय सुबह 10 बजे से ही रखा गया है. बच्चों को समय पर स्कूल पहुंचने और दोपहर दो से तीन बजे के बीच में स्कूलों की छुट्टी होने केलिए कहा गया है.
धूप के बावजूद गलन बरकरार
आगरा में सुबह और रात में गलन भरी सर्दी से लोगों का बुरा हाल है. गुरुवार को सुबह मौसम साफ रहा लेकिन शीतलहर चलने से कंपकंपी छूटती रही. सुबह नौ बजे के बाद अचानक से मौसम बदल गया और कोहरा छाने लगा, दो घंटे तक पहले कोहरा और उसके बाद धुंध छाई रही. इसके बाद तेज धूप निकल आई. हालांकि, न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, यह सामान्य तापमान से 1.8 डिग्री सेल्सियस कम रहा. दोपहर में तेज धूप निकलने से लोगों को सर्दी से राहत मिल गई, दोपहर में लोग धूप का आनंद लेते रहे. मगर, शाम होते ही मौसम ने करवट बदल दी, शीतलहर चलने से तापमान में गिरावट के साथ गलन भरी सर्दी से लोग परेशान रहे.
18 और 19 जनवरी को बारिश के आसार
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगरा में 18 और 19 जनवरी को बादल छाने के साथ बारिश हो सकता है, इससे सुबह के तापमान में मामूली बढ़ोत्तरी होगी लेकिन सर्दी और बढ़ जाएगी. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आगरा में 21 जनवरी तक फिलहाल सुबह और रात के तापमान में बढ़ोत्तरी नहीं होगी, सुबह का तापमान 6 डिग्री के आस पास बना रह सकता है. जबकि दोपहर में धूप निकलने से तापमान लगातार बढ़ेगा.