आगरालीक्स आगरा में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री, स्कूलों की छुट्टी आज तक थीं, कल से स्कूल खुलेंगे, जिला प्रशासन और स्कूल की तरफ से अभी तक कोई आदेश नहीं आया है।
आगरा में सुबह और रात में गलन भरी सर्दी से लोगों का बुरा हाल है। गुरुवार को सुबह मौसम साफ रहा लेकिन शीतलहर चलने से कंपकंपी छूटती रही। सुबह नौ बजे के बाद अचानक से मौसम बदल गया और कोहरा छाने लगा, दो घंटे तक पहले कोहरा और उसके बाद धुंध छाई रही। इसके बाद तेज धूप निकल आई। हालांकि, न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, यह सामान्य तापमान से 1.8 डिग्री सेल्सियस कम रहा। दोपहर में तेज धूप निकलने से लोगों को सर्दी से राहत मिल गई, दोपहर में लोग धूप का आनंद लेते रहे। मगर, शाम होते ही मौसम ने करवट बदल दी, शीतलहर चलने से तापमान में गिरावट के साथ गलन भरी सर्दी से लोग परेशान रहे।
18 और 19 जनवरी को बारिश के आसार
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगरा में 18 और 19 जनवरी को बादल छाने के साथ बारिश हो सकता है, इससे सुबह के तापमान में मामूली बढ़ोत्तरी होगी लेकिन सर्दी और बढ़ जाएगी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आगरा में 21 जनवरी तक फिलहाल सुबह और रात के तापमान में बढ़ोत्तरी नहीं होगी, सुबह का तापमान 6 डिग्री के आस पास बना रह सकता है। जबकि दोपहर में धूप निकलने से तापमान लगातार बढ़ेगा।
15 जनवरी तक सभी बोर्डों के 12 वीं तक के स्कूल बंद करने के आदेश
आगरा में गलन भरी सर्दी को देखते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर डीआईओएस ने 12 वीं तक के सभी बोर्डों के स्कूलों को 15 जनवरी तक स्कूलों की छुट्टी कर दी थी। 16 जनवरी से स्कूल खुलने हैं लेकिन सर्दी के चलते स्कूल खुलने पर बच्चों को परेशानी होगी। मगर, शाम 6.30 बजे तक स्कूल की छुट्टी के संबंध में जिला प्रशासन के साथ ही स्कूल प्रशासन की तरफ से कोई आदेश नहीं आया है। स्कूल खुलने पर समय सुबह 10 से दोपहर तीन बजे तक रहेगा।