आगरालीक्स …आगरा दिल्ली हाईवे पर टोल प्लाजा पर पुलिस अधिकारी से विवाद के बाद जमकर बवाल हुआ। पुलिस कर्मियों पर आरोप है कि उन्होंने टोलकर्मियों की पिटाई लगाई, कैश लूट लिया, यह सीसीटीवी में कैद हो गया है। सुबह हुई घटना के बाद शाम तक सीसीटीवी फुटेज वायरल हो गए।
आगरा दिल्ली हाईवे पर फरह टोल प्लाजा से मंगलवार रात करीब 12 बजे सीओ रिफाइनरी नितिन सिंह टोल से पुलिस कर्मियों के साथ बूथ नम्बर-13 से गुजर रहे थे। टोल प्रबंधक के अनुसार वह बूथ फास्ट ट्रैक है। एक वाहन के निकलते ही बूम अपने आप गिर जाता है। सीओ की गाड़ी के आगे एक मेटाडोर थी। मेटाडोर के निकलते ही बूम गिर पड़ा सीओ की गाड़ी से टकराया। उन्हें गुस्सा आ गया। आरोप है कि वह गाड़ी से उतरे। बूम को सही करने एक टोल कर्मी आया तो वह उनके गुस्से का शिकार बन गया। सीओ के साथ मौजूद पुलिस कर्मियों ने मारपीट शुरू कर दी। जो कर्मचारी मिला उसे र पीटा। डंडे बरसाए। आरोप है कि सीओ ने फरह थाने से भी पुलिस को बुला लिया।
टोल कर्मचारियों के अनुसार टोल के अन्दर घुसकर पुलिस कर्मियों ने कर्मचारियों को बेरहमी से पीटा। डेढ घंटे रात में टोल फ्री रहा। सैकड़ों वाहन बिना टोल दिए गुजर गए। अफरातफरी मच गई। कर्मचारी जान बचाकर खेतों में छिप गए। रिलायंस के कैशियर दीपक को तो लेटाकर लात-घूंसों से पीटा। आरोप है कि पुलिस कर्मी पैसे भी लूट ले गए। लूट का वीडियो वायरल हुआ है। सिपाही कैश लूटते साफ दिख रहा है।
वहीं पुलिस का कहना है कि एक कार सवार से टोल कर्मियों ने अभद्रता कर जबरन रुपये लिए थे। इसकी शिकायत टोल से पहले खड़े सीओ से की तो वह गश्त पर जाते समय वहां पहुंच गए। टोल कर्मियों को बुलाने सिपाही भेजा। टोल कर्मियों ने उससे अभद्रता कर दी। जब वह गाड़ी से गए तो उनके हाथ पर एक कर्मी ने बैरियर गिरा दिया। इससे उनके हाथ में चोट लग गई। खून निकल आया। एक दो उपद्रव करने वालों से मारपीट की गई। सीओ ने टोल प्रबंधक समेत अन्य कर्मियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा और पुलिस से अभद्रता का मुकदमा लिखाया है।
मामला आईजी रेंज के संज्ञान में है। उन्होंने एसपी सिटी को जांच सौंपी है।
पुलिस अधिकारियों को दिखाए वीडियो
रिलायंस अधिकारी और एआर टोल के पदाधिकारी बुधवार को एसएसपी से मिलने पहुंचे, वे नहीं मिले।उन्होंने लिखित शिकायत देते हुए सीसीटीवी फुटेज भी एसपी सिटी को दिखाए। फुटेज में मेटाडोर के पीछे सीओ की गाड़ी आती है। अचानक बूम गिर जाता है। इसके बाद कहर का दौर चलता है। एक दो पुलिस कर्मियों को जेब में पैसे ठूंसते हुए भी फुटेज में देखा जा सकता है। एसपी सिटी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। एआरटोलवेज के प्रबंधक अनूप यादव ने बताया कि आईजी रेंज को घटना से अवगत कराया गया है। उनको फुटेज की सीडी भी भेजी गई है।
ये है सीओ का कहना
नितिन सिंह, सीओ रिफाइनरी का मीडिया से कहना है कि मैं रात में हाइवे पर गश्त पर था। टोल पर खुलकर गुंडई की शिकायत मिल रही थी। टोल से पहले उनकी गाड़ी खड़ी थी। तभी कार सवार तीन लोगों ने उनसे टोल कर्मियों द्वारा जबरन रुपये लूटने की शिकायत थी। इस पर वह टोल पर पहुंचे और वहां टोल कर्मियों से बात करने के लिए सिपाही को बुलाने भेजा। इस पर कर्मी ने पहले सिपाही से अभद्रता की। उन पर हमला किया गया। हाथ में चोट आई है। कर्मचारी एकत्रित हो गए थे। फरह पुलिस को बुला लिया। टोल कर्मी खेतों में भाग गए। वहां से पथराव करने लगे। टोल प्रबंधक समेत बीस लोगों के खिलाफ फरह थाने में रिपोर्ट लिखाई गई है।