आगरालीक्स… आगरा रीजन में जिला अस्पताल के डॉक्टर ने भाजपा विधायक पर गंभीर आरोप लगाते हुए अपना इस्तीफा दे दिया है। यह मामला गर्माने लगा है, विधायक का कहना है कि डॉक्टर पैसे लेता था, वह फंस गया है इसलिए आरोप लगा रहा है।
फीरोजाबाद के जिला अस्पताल में एक ही हडडी रोग विशेषज्ञ डॉ शशि कुमार है, उन्होंने मंगलवार को प्रमुख अधीक्षक डॉ आरके पांडे सहित महानिदेशक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और सीएमओ को इस्तीफा भेज दिया। इसमें उन्होंने लिखा है कि वे अस्पताल में अकेले हड्डी रोग विशेषज्ञ हैं। ऑपरेशन के साथ मेडिकल बोर्ड एवं कैंप में भी ड्यूटी दे रहे हैं। आठ अगस्त को दिव्यांग प्रमाण पत्र के लिए एक युवक आया तथा विधायक मनीष असीजा का पत्र मेज पर रखते हुए कहा कि 40 फीसद का दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाइए, उसका 25 फीसद का प्रमाण पत्र बना हुआ था, इस पर युवक झगड़े पर उतारू हो गया। उसने डॉक्टर के साथ हाथापाई कर दी। इसकी शिकायत सीएमओ से भी की गई।
अंडर प्रेशर आॅपफ विधायक लिखकर बनाए प्रमाण पत्र
20 अगस्त को कौशल्या नगर में लगे शिविर में नगर विधायक ने दबाव में उन लोगों के भी प्रमाण पत्र बनवाए, जो दिव्यांगता की श्रेणी में नहीं हैं। इसके बाद भी उनके प्रमाण पत्रों को बनवाया गया तो हमने उन पर भी अंकित कर दिया है अंडर प्रेशर ऑफ विधायक।
यह कहना है भाजपा विधायक मनीष असीजा का
मीडिया से भाजपा विधायक मनीष असीजा का कहना है कि डॉ. शशिकुमार भ्रष्टाचार के आरोपों में फंसे हुए हैं। उन्होंने हिमायूंपुर निवासी बलजीत सिंह राठौर के रिश्तेदार की एक हादसे में हड्डी टूट जाने पर ऑपरेशन के लिए 20 हजार रुपये की मांग की, फिर 15 हजार रुपये का सौदा हुआ। इसी महीने मोती का नगला निवासी राकेश के हड्ड़ी के ऑपरेशन के लिए 15 हजार रुपये की मांग की। इसकी शिकायत डीएम एवं सीएमएस से शिकायत की थी। शिकायतों की जांच चल रही है। इस मामले में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री को भी फोन से अवगत कराया था। वे जांच से बचने के लिए इस्तीफे की आड़ ले रहे हैं। शिविर से एक दिन पूर्व भी उन्होंने संपर्क करने का प्रयास किया था।
