आगरालीक्स…आगरा में सुल्तानगंज क्रॉसिंग मेट्रो स्टेशन बनना हुआ शुरू. स्टेशन के अग्रिम भाग में लॉन्चर तकनीक से होगा यू गर्डर का परिनिर्माण. आगरा कैंट से एमजी रोड और हाइवे होते हुए कालिंदी विहार तक जाएगी मेट्रो
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कारपोरेशन द्वारा सुल्तानगंज क्रॉसिंग मेट्रो स्टेशन के अग्रिम भाग में लॉन्चर तकनीक से यू गर्डर का परिनिर्माण किया जाएगा। इसके लिए सुल्तानगंज की पुलिया के निकट विशाल गैंट्री क्रेन इंस्टॉलेशन शुरू हो चुका है। इसके साथ ही सुल्तानगंज क्रॉसिंग मेट्रो स्टेशन का कॉन्कोर्स भी आकर लेने लगा है। बता दें कि इस प्रक्रिया में सुल्तानगंज की पुलिया के पास यू गर्डर की स्टॉकिंग की जाएगी। इसके बाद गैंट्री क्रेन की मदद से यू गर्डर को उठा कर लॉन्चर पर रखा जाएगा। इसके बाद लॉन्चर का एक हिस्सा अगले पिलर तक पहुंच कर यू गर्डर को पिलर तक लेके जाया जाएगा।
दो चरण में होगा लॉन्चर से यू गर्डर का परिनिर्माण
यूपी मेट्रो द्वारा सुल्तानगंज क्रॉसिंग के अग्रिम भाग में दो चरणों में लॉन्चर तकनीक से परिनिर्माण किया जाएगा। प्रथम चरण में सुल्तानगंज क्रॉसिंग से वाटरवर्क्स चौराहे तक लॉन्चर तकनीक का प्रयोग किया जाएगा। इसके बाद यमुना नदी पर निर्माणाधीन पुल एवं रामबाग मेट्रो स्टेशन पर पारंपरिक क्रेन से परिनिर्माण कार्य किया जाएगा। इसके अग्रिम भाग में कालिंदी विहार मेट्रो स्टेशन तक फिर से लॉन्चर तकनीक से परिनिर्माण किया जाएगा। दरअसल, सुल्तानगंज क्रॉसिंग के अग्रिम भाग में पारंपरिक क्रेन लगाने की जगह की कमी के चलते इस तकनीक का प्रयोग किया जाएगा। इसके साथ ही इस तकनीक से स्थानीय लोगों एवं ट्रैफिक आवागमन में भी सहूलियत होगी।