आगरालीक्स…(24 January 2022 Agra News) आगरा में मेट्रो निर्धारित समय पर चलेगी. रिकॉर्ड टाइम में पाइलिंग का काम हुआ पूरा. जानिए कितना काम हो चुका पूरा. फोटो भी देखें
आगरा मेट्रो ने पेश की उतकृष्टता की मिसाल
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन द्वारा आगरा मेट्रो प्रायोरिटी कॉरिडोर के ऐलिवेटिड भाग में रिकार्ड टाइमिंग में पाइलिंग कार्य पूर्ण कर उत्कृष्टता की मिसाल पेश की है। 07 दिसंबर, 2020 को प्रधानमंत्री द्वारा आगरा मेट्रो रेल परियोजना के सिविल निर्माण कार्य के शुभारंभ के बाद आगरा मेट्रो टीम ने महज एक साल, 1 महीने एवं 16 दिन में 684 पाइल का निर्माण पूर्ण कर लिया है। यूपी मेट्रो के प्रबंघ निदेशक कुमार केशव ने इस उपलब्घि के लिए आगरा मेट्रो टीम की सराहना की है।

तय समय पर 100 पीयर्स का काम पूरा
यूपी मेट्रो के एमडी कुमार केशव ने कहा कि उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन की लखनऊ मेट्रो एवं कानपुर मेट्रो रेल परियोजनाएं देश की सबसे तेज बनने वाली मेट्रो परियोजनाएं हैं। यूपीएमआरसी द्वारा लखनऊ मेट्रो की यात्री सेवाएं निर्धारित समय से 40 दिन पूर्व जबकि कानपुर मेट्रो की यात्री सेवाएं महज 2 साल 1 महीने एवं 15 दिन शुरू कर दी गई थीं। आगरा मेट्रो टीम ने तय समय में 100 पीयर्स का निर्माण पूरा कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कुमार केशव ने कहा कि आगरा मेट्रो भी निर्धारित समय पर जनता की सेवा में समर्पित होगी। कुमार केशव ने कहा कि अप्रैल, 2022 से सिविल निर्माण के साथ अन्य सिस्टम पर काम शुरू किया जाएगा।
प्रायोरिटी सेक्शन में तेज रफ्तार से चल रहा काम
बता दें कि ताज ईस्ट गेट से सिकंदरा के बीच बन रहे प्रथम कॉरिडोर के प्रायोरिटी सेक्शन में तेज रफ्तार के साथ निर्माण कार्य किया जा रहा है। ताज ईस्ट गेट से जामा मस्जिद के बीच प्रायोरिटी कॉरिडोर के ऐलिवेटिड भाग में रिकॉर्ड टाइम में सभी 684 पाइल का निर्माण पूर्ण कर लिया गया है। इसके साथ ही अबतक 171 में से 157 पाइलकैप और 171 में से 145 पियर्स (पिलर) का निर्माण किया जा चुका है। इसके साथ ही अबतक 53 पीयरकैप एवं 52 यू गर्डर का परिनिर्माण किया जा चुका है।
गौरतलब है कि 07 दिसंबर, 2020 को माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने माननीय केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी एवं उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में वर्चुअल माध्यम से आगरा मेट्रो रेल परियोजना के सिविल निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया था। इसके बाद तेज गति से काम करते हुए आगरा मेट्रो टीम ने प्रायॉरिटी सेक्शन के ऐलिवेटिड भाग में रिकॉर्ड टाइम में पाइलिंग कार्य पूर्ण कर लिया है।
आगरा मेट्रो पर एक नजर
ताजनगरी आगरा में 29.4 कि.मी. लंबे दो कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें कुल 27 स्टेशन होंगे। 14 कि.मी. लंबे प्रथम कॉरिडोर का निर्माण ताज ईस्ट गेट से सिकंदरा के बीच किया जा रहा है। इस कॉरिडोर में 13 स्टेशनों का निर्माण किया जाएगा, जिसमें 6 ऐलीवेटिड जबकि 7 भूमिगत स्टेशन होंगे। वहीं, आगरा कैंट से कालिंदी विहार के मध्य लगभग 16 कि.मी. लंबे दूसरे कॉरिडोर में 14 स्टेशनों का निर्माण किया जाएगा, जिसके सभी स्टेशन ऐलीवेटिड होंगे।