आगरालीक्स….आगरा मेट्रो से आईएसबीटी तक का सफर इस महीने से हो जाएगा शुरू. आगरा फोर्ट, ताजमहल से शिल्पग्राम तक जाना होगा आसान..जाम का झंझट होगा दूर
आगरा में जल्द लोग आगरा मेट्रो से आईएसबीटी तक का सफर करेंगे. ताज पूर्वी गेट से लेकर आईएसबीटी तक मेट्रो का संचालन सितंबर माह तक शुरू हो सकता है. इसका काम बहुत तेजी से चल रहा है. ताजमहल पूर्वी गेट से बिजलीघर स्थित मनकामेश्वर मेट्रो स्टेशन तक इस समय मेट्रो का संचालन हो रहा है लेकिन सितंबर महीने तक इससे आगे के पांच स्टेशन एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा कॉलेज, राजा की मंडी, आरबीएस और फिर आईएसबीटी तक मेट्रो शुरू होने की संभावना हे.बिजलीघर के पास अंडरग्राउंड का काम अभी बाकी
मनकामेश्वर स्टेशन से लेकर एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा कॉलेज, राजा की मंडी और आईएसबीटी तक अंडरग्राउंड स्टेशन है. इन स्टेशनों के बीच अंडरग्राउंड का काम लगभग पूरा हो गया है. केवल बिजलीघर पर रेलवे की एनओसी अभी न मिलने के कारण अंडरग्राउंड का काम रुका हुआ है.
सिकंदरा तक ऐलिवेटेड होगी मेट्रो
आरबीएस के आगे से मेट्रो ऐलिवेटेड होगी और हाइवे पर आईएसबीटी, गुरुद्वारा गुरु का ताल और सिकंदरा तक तीन स्टेशनों पर मेट्रो ऐलिवेटेड ही चलेगी. आईएसबीटी तक मेट्रो पहले शुरू होगी इसके बाद गुरुद्वारा गुरु का ताल और सिकंदरा के स्टेशनों के बीच काम बाद में चलता रहेगा.
यूपीएमआरसी की ओर से आगरा मेट्रो का दूसरा कॉरिडोर आगरा कैंट से एमजी रोड और हाइवे होते हुए कालिंदी विहार तक 14 स्टेशनों पर ऐलिवेटेड मेट्रो होगी. एमजी रोड पर सेंट जॉन्स तक बेरीकेडिंग हो चुकी है और बहुत तेजी से काम चल रहा है.