आगरालीक्स…आगरा में स्कूली बच्चों को बताया ‘गुड टच और बैड टच’. रोटरी क्लब आफ आगरा ने कहा—स्कूली पाठ्यक्रम में भी शामिल किया जाए…बच्चों को उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा के बारे में किया जागरूक
रोटरी क्लब आगरा ने स्कूली बच्चों को "सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श" के बारे में शिक्षित करने के लिए एक महत्वपूर्ण अभियान शुरू किया है। इस पहल के तहत, क्लब विभिन्न स्कूलों में जागरूकता कार्यशालाएं आयोजित कर रहा है, ताकि बच्चों को उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा के बारे में जागरूक बनाया जा सके और उन्हें आत्मरक्षा के लिए सशक्त किया जा सके। रोटरी क्लब आगरा की अध्यक्ष नम्रता पणिकर ने कहा, "बच्चों को अनुचित व्यवहार की पहचान करना सिखाना और उन्हें सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित करना आज की जरूरत है। इस विषय को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल किया जाना चाहिए।" इसी उद्देश्य से क्लब ने यौन शोषण की रोकथाम के लिए विशेष कार्यशालाओं की श्रृंखला शुरू की है।
इस कड़ी में, क्लब ने आवास विकास स्थित होली पब्लिक जूनियर कॉलेज में अपनी 15वीं कार्यशाला का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में कक्षा 3 से 8 तक के 400 से अधिक बच्चों ने भाग लिया। कानून विशेषज्ञ एवं रोटेरियन नम्रता मिश्रा ने बच्चों को कहानियों और वास्तविक जीवन के उदाहरणों के माध्यम से "सुरक्षित व असुरक्षित स्पर्श" के बीच अंतर समझाया। साथ ही, उन्होंने बच्चों को असहज स्थितियों से निपटने के व्यावहारिक तरीके भी बताए।
डिजिटल सुरक्षा पर भी दी गई जानकारी
इसके अलावा, नम्रता मिश्रा ने बच्चों को डिजिटल युग में बढ़ते खतरों के प्रति भी सचेत किया। उन्होंने बताया कि कैसे साइबर अपराधी सोशल मीडिया के जरिए बच्चों का शोषण करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने बच्चों को निजी जानकारी ऑनलाइन साझा न करने की सलाह दी और ऑनलाइन सुरक्षा के उपाय बताए।
