आगरालीक्स …आगरा में पहली मेट्रो ट्रेन आई, ताजमहल होगा पहला मेट्रो स्टेशन। कहां से कहां तक चलेगी मेट्रो, कब शुरू होगा आगरा मेट्रो में सफर, पूरी खबर।

आगरा में दिसंबर 2020 से आगरा मेट्रो का निर्माण चल रहा है। पहले कॉरिडोर में ताजमहल से सिकंदरा तक आगरा मेट्रो के लिए ट्रैक तैयार किया जा रहा है। इसके तहत ताजमहल से जामा मस्जिद तक छह किलोमीटर में मेट्रो ट्रैक निर्माण कार्य चल रहा है, इस छह किलोमीटर के मेट्रो ट्रैक पर 2024 में मेट्रो चलनी है। इसमें भूमिगत मेट्रो स्टेशन भी तैयार किए जा रहे हैं, आगरा किला से जामा मस्जिद और एसएन मेडिकल कॉलेज तक भूमिगत मेट्रो स्टेशन तैयार हो रहे हैं।
पहली मेट्रो ट्रेन का शुभारंभ
आगरा मेट्रो प्रोजेक्ट के तहत आज पहली मेट्रो ट्रेन आगरा पहुंची। मेट्रो ट्रेन का उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार अनावरण करेंगे, मेट्रो ट्रेन से पर्दा उठाएंगे। मेट्रो डिपो, मंडलायुक्त कार्यालय के बगल में यह कार्यक्रम होगा।
ये है आगरा मेट्रो
ताजनगरी में 29.4 किमी लंबे दो कॉरिडोर का मेट्रो नेटवर्क बनना है, जिसमें 27 स्टेशन होंगे। ताज ईस्ट गेट से सिकंदरा के बीच 14 किमी लंबे पहले कॉरिडोर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है. इस कॉरिडोर में 13 स्टेशनों का निर्माण होगा। जिसमें 6 एलीवेटिड जबकि 7 भूमिगत स्टेशन होंगे. इस कॉरिडोर के लिए पीएसी परिसर में डिपो का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही आगरा कैंट से कालिंदी विहार के बीच लगभग 16 कि.मी. लंबे दूसरे कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा, जिसमें 14 ऐलीवेटेड स्टेशन होंगे। इस कॉरिडोर के लिए कालिंदी विहार क्षेत्र में डिपो का निर्माण किया जाएगा।